हरिद्वार में एक पिता पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप,पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार।
हरिद्वार:-02 नवंबर 2026
हरिद्वार की बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील और आपत्तिजनक हरकतें करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने मां को आपबीती बताई तो मां ने ही अपने पति के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक महिला ने अपने ही पति पर नाबालिग बेटी से अश्लील हरकतें करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने बहादराबाद कोतवाली पहुंचकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब एक साल से उनकी 16 वर्षीय बेटी के साथ अश्लील और आपत्तिजनक हरकतें कर रहा है। विरोध करने और कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला का आरोप है कि उसका पति उसके और बच्चों के साथ आए दिन गाली गलौज और मारपीट भी करता है।
बताया कि,आरोपी की हरकतों के चलते नाबालिग बेटी भय और मानसिक पीड़ा में रहने लगी थी।हिम्मत जुटाकर उसने अपने कलयुगी पिता की सारी करतूत के बारे में जानकारी दी। हिम्मत जुटाकर मां ने भी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस को लिखित तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 115(2), 352 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 व 9(एल)(एन)/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम आरोपी के किराये के मकान पर पहुंचे और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि,महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई जारी है।
