गैरसैंण में भाजपा की नगर व ग्रामीण मंडल की संयुक्त बैठक,चुनावी रणनीति को धार देने के लिए हुआ मंथन।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर बताएंगे सरकार की उपलब्धियां।
गैरसैंण:-03 नवंबर 2026
भारतीय जनता पार्टी की गैरसैंण नगर एवं ग्रामीण मंडल इकाइयों की संयुक्त बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन करते हुए तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया। गैरसैंण स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में विधायक अनिल नौटियाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के साथ ही विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को भविष्य में स्थायी राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हालिया दिनों में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण क्षेत्र में झील निर्माण का रास्ता साफ होना विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को दीर्घकालिक राहत मिलने के साथ ही सिंचाई खेती-बाड़ी और उद्यानिकी को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं मत्स्य पालन एवं पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
विधायक नोटियाल ने कहा कि सरकार गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी परिक्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के साथ ही बेहतर पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है । इन प्रयासों से भविष्य में गैरसैंण को स्थायी राजधानी के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों तथा नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव के लिए अब महज 90 दिन का समय शेष रह गया है । ऐसे में सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है।कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से भाजपा तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने में सफल होगी।
इस अवसर पर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ नागरिक परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़ ने कहा कि केंद्र में लगातार तीसरी बार और प्रदेश में दो बार से भाजपा की सरकार विकास एवं सुशासन का अंतराष्ट्रीय राजनिति में प्रेरणा के उदाहरण बने हैं। युवाओं और महिलाओं को केंद्र में रखकर संचालित योजनाओं से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य इन प्रयासों से साकार होगा।
नगर मंडल अध्यक्ष हुकम सिंह नेगी एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत ने कहा कि संगठन स्तर पर बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है । संगठन की सक्रिय संरचना आगामी चुनाव में प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाएगी।
प्रमुख दुर्गा देवी, पूर्व प्रमुख जानकी रावत एवं जिला पंचायत सदस्य जगदीश घंडयाली ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक वंचित परिवार तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार प्रयासरत हैं।विरेन्द्र टम्टा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत में डीपीसी सदस्य बनने पर आन्द्रपा के जिला पंचायत सदस्य जगदीश घंडियाली एंव गैरसैंण नगर के सभासद दयाल सिंह झिंक्वाण को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभासद मंगल नारायण,कस्तूरा देवी,चंद्रा देवी,ऋतु जोशी,जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज गैड़ी,सैनिक प्रकोष्ठ के राजेंद्र साह,पृथ्वी बिष्ट,सुरेंद्र सिंह, होशियार सिंह,प्रेम सिंह, त्रिलोक सिंह,बलवंत सिंह,राजू नेगी ,जगमोहन सिंह,कुसुमलता गैडी,रघुबीर रावत,हर्ष खत्री,पुष्पराज नेगी,संजय रावत एवं गजेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
