मेहलचौरी क्षेत्र की 10 हज़ार की आबादी की प्यास बुझाने को 33 करोड की योजना प्रस्तावित।

मेहलचौरी क्षेत्र की 10 हज़ार की आबादी की प्यास बुझाने को 33 करोड की योजना प्रस्तावित।

रामगंगा नदी से बनेगी भैरवगढ़ी पंपिंग योजना,डेढ़ दशक पुरानी मांग पूरी होने पर 5 ग्राम पंचायतों को मिलेगा लाभ।

मेहलचौरी (गैरसैंण):-05 नवंबर 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला.

विकासखंड गैरसैंण के अंतर्गत मेहलचौरी बाजार के निकटवर्ती 5 ग्राम पंचायतों की 10 हार की आबादी की लंबे समय से पेयजल की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
जिसके तहत मेहलचौरी ,रंगचौणा ,सिलंगा, गोगना मल्ला, भराड़ीखोड ग्राम पंचायतों के लगभग 2 दर्जन से ज्यादा गांवों को पेयजल के मामले में दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पेयजल संस्थान विभाग कर्णप्रयाग द्वारा मेहलचौरी के निकट रामगंगा नदी से भैरवगढ़ी पंपिंग योजना की 33 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है । योजना के धरातल पर उतरने से जहां ग्रामीणों को पेयजल संकट से निजात मिलने की उम्मीद है। 7 से 8 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित योजना के तहत गोगना मल्ला के नजदीकी पहाडी पर मुख्य संग्रहण टैंक का निर्माण होगा तो ,वहीं अधिक ऊंचाई वाले नजदीकी बदियासेम व भट्टी गांवों को यहां से लिफ्टिंग से जोडकर पेयजल उपलब्ध करवाये जाने की योजना शामिल है।

उल्लेखनीय है की वर्तमान में मेहलचौरी,रंगचौणा ,सिलंगा,गोगना व भराड़ीखोड ग्राम पंचायतों में सणकोट व झिरकोट जैसे 12 किलोमीटर दूर पहाडियों के जंगलों से लंबी दूरी की पेयजल योजनाएं संचालित की जा रही हैं ,जिनके बरसात के दौरान अक्सर टुट जाने से आपूर्ती बाधित रहती है । पेयजल की समस्या से परेशान ग्रामीण वर्ष 2010 से पंपिंग योजना के निर्माण की मांग करते आए हैं। जिसे देखते हुए कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने पेयजल संस्थान को योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने करीब 33 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से डीपीआर तैयार कर राज्य मुख्यालय में तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) की स्वीकृति के लिए भेजा गया है । इसके साथ ही वन विभाग से आवश्यक औपचारिक स्वीकृति भी प्राप्त की जानी है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद योजना के निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।

वर्ष 2010 में इस योजना की मांग की शुरूआत करने वाले कुनीगाड के गोगना मल्ला निवासी सूबेदार नंदन सिंह नेगी ने बताया कि वर्तमान में गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली लाईनें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से गुजरने के कारण अक्सर क्षतिग्रस्त हो जाती है । जिससे पेयजल आपूर्ति बाधित रहती है। रामगंगा नदी से पंपिंग योजना बनने पर लंबे समय तक सुचारू पेयजल आपूर्ति संभव हो सकेगी।

ग्राम प्रधान रंगचौणा मनोज नेगी ,गोगना मल्ला के अमरदीप नेगी,सिलंगा की दीपा देवी,भंडारीखोड की बसंती देवी,मेहलचोरी की रीना देवी,भंडारीखोड के क्षेत्र पंचायत सदस्य लीलाधार जोशी,जिला पंचायत सदस्य सुरेश बिष्ट,सिलंगा की पूर्व प्रधान प्रभा देवी ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इस योजना के निर्माण की मांग कर रहे हैं। योजना के निर्माण से क्षेत्र की पेयजल व सिंचाई समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल ने कहा की ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं,जिससे जल्द से जल्द निर्माण शुरू हो सके,जिससे ग्रामीणों को पेयजल व सिंचाई का बेहतर ओर दीर्घकालिक लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!