राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चमोली जनपद की सुदूरवर्ती खनसर घाटी की बेटियों ने अपनी खेल प्रतिभा का मनवाया लोहा।

राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चमोली जनपद की सुदूरवर्ती खनसर घाटी की बेटियों ने अपनी खेल प्रतिभा का मनवाया लोहा।

गैरसैंण:-05 नवंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

ऊधमसिंह नगर जनपद के मनोज सरकार स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 में चमोली जनपद की सुदूरवर्ती खनसर घाटी की बेटियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। इन होनहार खिलाड़ी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर न सिर्फ अपने स्कूलों का, बल्कि अपने माता-पिता, मार्गदर्शक व्यायाम शिक्षकों और पूरी खनसर घाटी का मान-सम्मान बढ़ाया है।

इस प्रतियोगिता में खनसर घाटी की चार बेटियों ने अलग-अलग ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में अपना जलवा बिखेरा जिसमे राजकीय इंटर कॉलेज, लाटूगैर की आस्था ने अंडर-19 आयु वर्ग में अपनी दौड़ और स्टैमिना का प्रदर्शन किया। उन्होंने 400 मीटर की दौड़ में अपनी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, क्रॉस कंट्री व रिले रेस में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने अपनी प्रतिभा को जारी रखते हुए 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक और 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर एक ही प्रतियोगिता में पदकों की हैट्रिक लगाई।

वहीं, राजकीय उच्चतम माध्यमिक विद्यालय, झूमाखेत की आरुषि ने अंडर-17 आयु वर्ग के स्प्रिंट (तेज दौड़) मुकाबलों में अपनी रफ्तार का जादू दिखाया। उन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर, दोनों ही मुख्य दौड़ स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर दोहरे स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

राजकीय इंटर कॉलेज,नेल खनसर फील्ड इवेंट्स में रोशनी ने अंडर-14 आयु वर्ग के गोला फेंक मुकाबले में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने सटीक थ्रो और ताकत के दम पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

राजकीय इंटर कॉलेज, लाटूगैर की लक्ष्मी ने अंडर-19 आयु वर्ग की हैमर थ्रो प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

बेटियों की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी सफलता पर पूरी खनसर घाटी में जश्न का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बच्चियों ने जो मुकाम हासिल किया है, वह बेहद प्रेरणादायक है। इस सफलता का बड़ा श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक व्यायाम शिक्षकों को भी जाता है, जिन्होंने सही दिशा में कोचिंग देकर इन्हें राज्य स्तर के मंच के लिए तैयार किया। क्षेत्रवासियों ने सभी पदक विजेता बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

छात्राओं की इस सफलता को अभिभावकों व क्षेत्र वाशियों ने उनके व्यायाम शिक्षकों,उमेश सिंह बेदी,दमयंती बिष्ट व पुष्कर सिंह अधिकारी की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!