हरिद्वार के पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग के दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार,5 साल की मासूम की याददाश्त और स्केच ने पहुंचाया जेल।
रुड़की (हरिद्वार):-07 नवंबर 2026
हरिद्वार जिले की पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने 5 साल की मासूम के साथ हुए दुष्कर्म मामले का खुलासा कर दिया है। दरअसल एक महीने की लंबी कसरत के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया है,आरोपी मासूम के साथ दरिंदगी कर फरार होकर दिल्ली चला गया था। आरोपी ने चाकलेट दिलाने के बहाने अकेले में बुलाकर बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया था, आरोपी का कोई सुराग न मिलने पर पीड़िता की मदद से पुलिस ने आरोपी का स्कैच तैयार किया था।जिसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।
7 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मोतीचूर बहराईच निवासी व्यक्ति ने कोतवाली पिरान कलियर में एक शिकायती पत्र देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 6 अक्टूबर को उसकी 5 साल की नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल मामले में संबंधित धसराओं में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया, उधर, दूसरी ओर 5 साल की बच्ची के साथ हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह द्वारा खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर मनोहर भंडारी की अध्यक्षता में टीम गठित की गई। वहीं प्रकरण में की जा रही कार्रवाई और प्रगति के बारे में लगातार अपडेट देने के निर्देश जारी किए गए, इसके बाद शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को उपलब्ध कराये गए कुछ संदिग्ध के फोटो और नाम के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए पुलिस ने बताए गए हुलिये से मिलते हुए लोगों की तलाश में बाजार में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को बारीकी से जांच की गई। साथ ही किशोरी के बताए गए अनुसार संदिग्ध का स्केच बनाकर भी आरोपी की तलाश और तेज की गई।
लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद घटना होने के करीब एक महीने बाद पुलिस टीम अब्दाल साहब रोड़ से इमलीखेड़ा की तरफ जाने वाले रोड पर कलियर से लगभग 2 किलोमीटर आगे पुलिया के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति निवासी पुराना रामपुर रोड़ शाहबाद थाना शाहबाद जिला रामपुर उत्तर प्रदेश, हाल निवासी हज कमेटी के पास झुग्गी झोपड़ी कलियर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पुछताछ में संदिग्ध ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि करीब एक महीने पहले उसने कलियर टीन शैड के पास एक बच्ची को अकेले देख उसे चीज दिलाने का लालच दिया,जिसके बाद उसे बहला फुसलाकर अपने साथ कलियर के एक खंडर में ले गया, आरोपी ने बच्ची को बारिश रूकने पर चीज दिलाने का भरोसा दिलाकर खंडर के अन्दर उससे दुष्कर्म किया और किसी को न बताने की बात कही, वहीं बच्ची के बेहोश होने पर आरोपी ने उसे वहां से उठाकर गमछे पर लेटा दिया और मौके से फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अगली सुबह अपनी झोपड़ी हटा दी और दिल्ली भाग गया।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि,पुलिस टीम ने एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को अब्दाल साहब रोड़ से इमलीखेड़ा की तरफ जाने वाले रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है।
