नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले मे छात्र नेता सहित तीन और गिरफ्तार।
हल्द्वानी (नैनीताल):-13 नवंबर 2026
हल्द्वानी में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट और उसके तीन अन्य साथी हिमांशु,अंश और नितिन पाल शामिल हैं। पुलिस ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पूरा मामला हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र का है,जहां एक होटल में देर रात नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद नाबालिग के परिजनों ने मुखानी थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज बिष्ट समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से मामले में सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, इस मामले में ABVP के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट का नाम सामने आने के बाद छात्र राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है। छात्रसंघ चुनाव से जुड़े इस घटनाक्रम ने राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच भी हलचल पैदा कर दी है।
फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र घटना से जुड़े तथ्यों, शिकायत में लगाए गए आरोपों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल करना है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
क्या है पूरा मामला⤵️
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि चारों युवक रात में उसको मुखानी क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गए थे, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद किशोरी की स्थिति बिगड़ने की बात भी सामने आई है।पीड़िता की शिकायत के अनुसार जब वो अपने घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर परिजनों ने उससे इसका कारण पूछा। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई. पीड़िता की आपबीती सुन परिजन शुक्रवार को उसे पुलिस के पास लेकर पहुंचे। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
