व्यापारिक रंजिश में खूनी खेल! जिला अस्पताल के भीतर घुसकर मोबाइल दुकानदार की चाकू से हत्या,हमलावर फरार।

व्यापारिक रंजिश में खूनी खेल! जिला अस्पताल के भीतर घुसकर मोबाइल दुकानदार की चाकू से हत्या,हमलावर फरार।

रुद्रपुर (उधमसिंह नगर):-13 नवंबर 2026

उत्तराखंड के रुद्रपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी सनसनीखेज तस्वीर जिला अस्पताल के भीतर देखने को मिली। मोबाइल दुकानों के बीच चल रही व्यापारिक प्रतिस्पर्धा ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पहले जगतपुरा में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और जब घायल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां भी खूनी खेल नहीं थमा। आरोप है कि हमलावर अस्पताल के भीतर घुसे और एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई हत्या से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। वारदात के बाद चार हमलावर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

रुद्रपुर के जगतपुरा-आवास विकास क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जानकारी के मुताबिक, दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल दुकानें एक-दूसरे के सामने हैं। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से व्यावसायिक रंजिश चल रही थी। शुक्रवार सुबह यह विवाद अचानक हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। संघर्ष में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े जाने की बात सामने आई है।

मारपीट में घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां भी विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि अस्पताल के भीतर हमलावरों ने जगतपुरा निवासी राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हमले में उसके छोटे भाई दिनेश और दुकान का कर्मचारी कमल भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल के भीतर हत्या की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। हालात संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तनाव को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वारदात के बाद चार हमलावरों के फरार होने की जानकारी है।

अब इस सनसनीखेज हत्याकांड ने रुद्रपुर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि आखिर जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हमलावर हथियार लेकर कैसे पहुंच गए? जहां मरीज जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर आते हैं, वहां दिनदहाड़े हत्या की वारदात कैसे हो गई? व्यापारिक प्रतिस्पर्धा आखिर जानलेवा दुश्मनी में कैसे बदल गई? फिलहाल पुलिस के सामने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच बड़ी चुनौती है। जरूरत इस बात की भी है कि अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि इलाज कराने आने वाले लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!