उत्तराखंड चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा के नाम पर ठगी का मामला आया सामने,सोनप्रयाग में मुकदमा हुआ दर्ज।
रूद्रप्रयाग- 14 मई 2026
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने का मामला सामने आया है. साइबर ठगों द्वारा यात्रियों की आस्था और जल्द दर्शन की मजबूरी का फायदा उठाते हुए लाखों की धोखाधड़ी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामले में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नैनीताल निवासी तारादत्त ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी एवं अन्य परिजनों के लिए केदारनाथ धाम की हेलीकॉप्टर टिकट बुक कराने को लेकर अनिल नौटियाल नाम के व्यक्ति से संपर्क किया था।
आरोपी ने खुद को टिकट बुकिंग कराने में सक्षम बताते हुए विश्वास में लिया और अलग-अलग किश्तों में कुल 41,600 ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए. पीड़ित के अनुसार आरोपी ने पहले 27,000 और बाद में 14,600 की अतिरिक्त रकम मांगी, जिसे उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से भेज दिया, लेकिन जब 1 मई 2026 को वे फाटा हेलीपैड पहुंचे तो उन्हें कोई टिकट उपलब्ध नहीं कराया गया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। काफी इंतजार और संपर्क के प्रयासों के बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने आरोपी अनिल नौटियाल पुत्र घनश्याम नौटियाल निवासी मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है
पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। एसपी नीहारिका तोमर ने तीर्थयात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट केवल अधिकृत और सरकारी वेबसाइट के माध्यम से ही बुक करें. किसी भी अनजान व्यक्ति, सोशल मीडिया एजेंट या फर्जी दलाल के झांसे में आकर ऑनलाइन भुगतान न करें. यात्रा सीजन में बढ़ती भीड़ के बीच साइबर ठग सक्रिय हो चुके हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं को सावधानी और सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
