AI इम्पैक्ट समिट जैसे अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिश अस्वीकार्य- युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चमोली
गैरसैंण-21 फरवरी 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत.
नई दिल्ली में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में कांग्रेस के शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। बीजेपी ने इस मुद्दे पर राहुल गांधी समेत पूरी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। बीजेपी ने कांग्रेस पर देश की इमेज खराब करने की साजिश का आरोप लगाया है।
वहीं इस मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा चमोली जनपद के जिला अध्यक्ष पंकज गैड़ी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की शर्मनाक हरकत अत्यन्त निन्दनीय है।कहा कि AI इम्पैक्ट समिट जैसे अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिश किसी भी सच्चे देशभक्त के लिए अस्वीकार्य है। इस घटना ने साफ कर दिया है कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता देश की प्रतिष्ठा तक को दाँव पर लगाने से नहीं हिचक रहे। भारतीय जनता युवा मोर्चा इस मानसिकता का पुरजोर विरोध करती है।
पंकज गैड़ी ने कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं बल्कि सुनियोजित प्रयास है। राहुल गाँधी के इशारों पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा ऐसा शर्मनाक माहौल बनाने की कोशिश की गयी। जिससे वैश्विक मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुँचे,यह राजनीति नहीं,बल्कि राष्ट्र हित के साथ खिलवाड़ है। कहा कि भारत आज विश्व में अपनी क्षमता,तकनीक और नेतृत्व के लिए पहचाना जा रहा है। ऐसे समय में देश को कमजोर दिखाने की कोशिश करना,न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है,बल्कि यह उन करोड़ों भारतीयों के आत्मसम्मान पर चोट है,जो देश की प्रगति पर गर्व करते हैं। जब पूरा विश्व भारत की क्षमता,और नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है,तब कांग्रेस के लोग देश को नीचा दिखाने की होड़ में लग जाये,यह अत्यन्त चिन्ता जनक है। कहा कि इससे साबित होता है कि सत्ता की राजनीति में अंधा विरोध अब राष्ट्रहित से ऊपर रखा जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर हंगामा किया और इंटरनेशनल स्टेज पर भारत की इमेज खराब करने की कोशिश की। कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में ग्लोबल लीडरशिप की ओर बढ़ रहा है, ऐसे मौकों पर राजनीतिक विरोध के बजाय राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाना चाहिए। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह जानबूझकर की गई ओछी हरकत है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा साफ कहना चाहता है, कि भारत की प्रतिष्ठा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा। कहा कि हमारे लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है,राजनीति बाद में।
