‘बबली’ बोलने पर भड़कीं रेखा आर्य,हरीश रावत पर की आरोपों की बौछार,दी चेतावनी।
देहरादून:-13 नवंबर 2026
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता हरीश रावत की ओर से कथित 210 करोड़ की अर्जित संपत्ति के आरोप और ‘बबली’ संबोधन पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भड़क गईं हैं। उन्होंने एक पोस्ट साझा करते हुए हरदा पर आरोपों की बौछार की है. साथ ही पुराने कारमानों को उजागर करने की बात भी कही है। इसके अलावा उम्र का लिहाज करते हुए ‘दाज्यू’ को अपनी वाणी पर नियंत्रण करने की सलाह दी है। इतना ही नहीं पुरानी ‘पोल’ खोलने की भी चेतावनी दी है. रेखा आर्या ने सोशल मीडिया पर हरीश रावत को लेकर काफी लंबा पोस्ट किया है।
रेखा आर्या ने कहा, वैसे मैं समझती थी कि उम्र के इस पड़ाव में पहाड़ की बेटी की पीड़ा को समझकर उसके दुःख में साथ देंगे, क्योंकि आप भी नाती पोते वाले हैं, लेकिन क्या करें आप आदतन फिर से सत्ता की ललक और वो कुर्सी की छटपटाहट में भूल गए कि रेखा आपकी विचारधारा और आपकी कुनीतियों की विरोधी है। लेकिन बेटी तो इस पहाड़ की है,खैर में भगवान से प्रार्थना करती हूं कि आपको एक पिता के तौर पर ऐसी किसी भी पीड़ा को न देखना पड़े, जिससे मैं गुजर रही हूँ। क्योंकि आपने बेटी का दर्द नहीं सिर्फ 210 करोड़ पर ध्यान दिया। आपकी आदत ही कुछ ऐसी है। टॉप अप देने वाला कहां पैसों के अलावा कोई और दर्द समझेगा। कहा कि,वैसे मैं आपकी हर बात का जवाब देना उचित नहीं समझती। क्योंकि जिस नेता की उम्र के पड़ाव पर भी मुख्यमंत्री की कुर्सी देखते ही लार टपकने लग जाए और उसकी इस लालचीपन की शिकार उसकी अपनी ही पार्टी उसे अब गंभीरता से न लेती हो, उस नेता का जवाब देना कोई आवश्यक नहीं, लेकिन कभी-कभी आप ऐसी भाषा का प्रयोग करते हो कि आपको भी थोड़ा सा खचोरना जरूरी सा प्रतीत होता है।
इसके बाद रेखा आर्या ने हरीश रावत का कथित स्टिंग ऑपरेशन, 2016 हरीश रावत सरकार का अल्पमत में आना, कार्यकाल में सचिव द्वारा विभागीय नीति को बदलने के लिए पैसों की डीमांड, हरीश रावत सरकार में डेनिस शराब की बिक्री, नैनीसार मामला, गंगा किनारे खनन, बंदर की बलि, भैंस की बलि, कभी तेल भरे कनस्तरों से नहाने और भ्रष्टाचारों के कई मुद्दों का जिक्र किया है। रेखा आर्या ने ये भी कहा कि, आजकल सुना आप रोज दिल्ली फोन करते हैं अपने हाईकमान से मिलने का समय मांगते हैं. लेकिन उन्होंने आपसे मिलने से मना कर दिया है. बुढ़ापे में ये कैसी दशा खराब की आपने. आपको एक सलाह दे रही हूं,आपकी इस दुर्दशा के लिए आपका ये उल जुलूल बोलना ही एकमात्र कारण है। वैसे दाज्यू आप पर ये कहावत सटीक बैठती है।
‘जैकी सुणण वाल कोई नि, उकैं भाषण दिंणक बीमारी ज्यादा हुंछ’ट (जिसकी कोई सुनने वाला न हो उसे भाषण देने की ज्यादा बीमारी होती है)
रेखा आर्या ने आगे लिखा कि, बीच में आप कुछ दिन के लिए छुट्टी पर गए, क्योंकि आपकी कोई सुन नहीं रहा था। लेकिन नौटंकी करने में तो आपको महारथ हासिल है। जैसे आपकी स्वघोषित छुट्टी खत्म हुई,आपने स्वयंभू वाली स्वागत यात्रा निकाली, उसमें भी आपका दांव उल्टा पड़ गया। अंतिम चेतावनी भी दे रही हूं अगली बार जब भी कुछ बोलो तो भाषा पर लगाम लगाना और हां भ्रष्टाचार और करोड़ों की कमाई कहां से आई? पूछोगे तो पहले अपने पूरे परिवार का विवरण लाना, उनके कमाई के साधन क्या हैं?
बताते चलें कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशियल मीडिया पर एक पोस्ट जारी किया था जिसमे उन्होंने लिखा था कि- मेरा अभीष्ट 2027 में उत्तराखंड में सरकार लाना है। 2027 में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूँ और न ही किसी अन्य पद का। कांग्रेस पार्टी की कृपा से मैं एक छोटे से बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री तक रह चुका हूँ और राज्य का मुख्यमंत्री भी बना हूँ। मुझे जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष से लेकर कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव और कांग्रेस कार्य समिति का सदस्य तक बनाया गया है। इससे अधिक न मुझमें योग्यता और क्षमता थी और न ही मेरी कोई आकांक्षा है। मेरे सीएम की रेस में होने की कानाफूसियाँ बेवजह हैं; हमारी पार्टी में इस पद के लिए योग्य और सक्षम लोग हैं। हमारा लक्ष्य है कि 2027 में कांग्रेस की सरकार बने! हमारा लक्ष्य भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना और कांग्रेस की सरकार बनाना है! इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मैं निरंतर कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को—जिनमें मेरे मुख्यमंत्री काल की उपलब्धियां भी सम्मिलित हैं—जनता की स्मृति में बार-बार लाने का प्रयास करता हूँ और तुलना में भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाता हूँ। हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाया जाए और उसकी हत्या के कारक बने VIP को कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके। इसके साथ ही, स्कूल के बच्चों का निवाला और गर्भवती बहनों का भोजन छीनकर सैकड़ों करोड़ के मध्याह्न भोजन व खाद्यान्न घोटाले (जिसमें 210 करोड़ के घोटाले की स्वीकृति है) करने वाले तथा बरेली में आलीशान फार्म हाउस और महल बनाने वाले ‘बंटी-बबली’ को कानून के शिकंजे में लाना है! और मेरा लक्ष्य उत्तराखंडियत को उत्तराखंड सरकार की नीति और कार्यक्रमों का अनिवार्य हिस्सा बनाना भी है।
