दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सफाई कर्मी द्वारा आत्महत्या मामले में परिजनों ने कार्रवाई की मांग,वीडियो हुआ था वायरल।
देहरादून:-10 अगस्त 2026
दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में मरीज के साथ आए एक 12 वर्षीय बच्चे के साथ एक सफाई कर्मी का अश्लील हरकत किए जाने का वीडियो वायरल हो गया था, जिससे आहत होकर सोमवार सुबह दून अस्पताल में तैनात सफाई कर्मी ने आत्महत्या कर ली। अब पीड़ित परिवार वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। न्याय की मांग करते हुए परिजनों ने दून अस्पताल के पास कुछ देर के लिए रोड भी जाम की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि, व्यक्ति 2009 से दून अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहा था,अपनी 17 साल की नौकरी में पहली बार इस तरह का आरोप लगने के कारण व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। व्यक्ति के साथियों के मुताबिक, वह मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था और अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया करता था। उसके दो बच्चे भी हैं,जो प्राइवेट सेक्टर में जॉब करते हैं। सुबह इस तरह का कदम उठाने के बाद उसके परिजन उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर आए, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, इस पूरे मामले पर दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर गीता जैन का कहना है कि बिना किसी जांच पड़ताल के वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से जांच कमेटी गठित की जा रही है. तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस दुख की घड़ी में पूरा अस्पताल प्रशासन मृतक के परिजनों के साथ खड़ा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
डॉक्टर गीता जैन ने पुलिस से बातचीत करते हुए वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। इधर, अस्पताल प्रशासन की ओर से गठित की जा रही जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि,वीडियो वायरल करने वाले शख्स को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया गया था. पूछताछ करने के बाद आरोपी को वापस भेज दिया गया है. साथ ही मृतक के परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।
