नैनीताल जिले से तड़ीपार आरोपी को लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार।
रामनगर (नैनीताल):-27 जून 2026
रामनगर पुलिस ने लूट के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए जिला बदर घोषित आरोपी को लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया है,आरोपी पर पहले से जिला बदर की कार्रवाई लागू थी, लेकिन इसके बावजूद वह बिना अनुमति नैनीताल जिले की सीमा में घूमता मिला,पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत भी नया मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली रामनगर में 9 जून को एक स्कॉर्पियो कार,नकदी और चांदी की चेन लूट व मारपीट एवं जान से मारने की धमकी की तहरीर पुलिस को मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.गठित पुलिस टीम ने लगातार जांच और चेकिंग अभियान चलाया, इसी दौरान हाथीडगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी योगेश सागर उर्फ मंकू निवासी ग्राम लूटाबड़,रामनगर को लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी को मार्च 2026 में जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर छह माह के लिए जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के नैनीताल जिले की सीमा में मौजूद मिला,इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम की धारा 3/10 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
