लोहाघाट में दर्दनाक सड़क हादसा: एंबुलेंस को रास्ता देते समय खाई में गिरी कार,दो की मौत।
लोहाघाट (चंपावत):-20 अगस्त 2026
उत्तराखंड के चंपावत जिले में लोहाघाट क्षेत्र के कानाकोट के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में विद्युत विभाग में कार्यरत 52 वर्षीय कमल सिंह और बिहार निवासी 38 वर्षीय राजमिस्त्री बबलू चौधरी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार कार संख्या (UK04 6677) कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर एंबुलेंस को रास्ता देने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीण गहरी खाई में उतरे और दोनों कार सवारों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के अनुसार दोनों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वाले कमल सिंह (52) पुत्र रघुवर सिंह उधमसिंह नगर जिले के लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत कर्मी के रूप में कार्यरत थे। वहीं दूसरे मृतक बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी बिहार के रहने वाले थे और राजमिस्त्री के तौर पर काम करते थे। घटना की खबर मिलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, पुलिस टीम और राजस्व उपनिरीक्षक ऋषभ कुमार अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनंद सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, पूर्व शिक्षक नेता गोविंद सिंह बोरा सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कानाकोट में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत बताई है।
