उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड में सड़क हादसा, बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिरा, हादसे में 8 लोग घायल।
उत्तरकाशी:-15 सितंबर 2026
मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी में खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार 8 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण मंगलवार को खन्यासणी में आयोजित जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे। शाम को मेले से वापस लौटते समय खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच कैंपर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया, जिससे वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाला। देर शाम करीब 7 बजे सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया। सीएचसी मोरी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीरेश रावत ने बताया कि हादसे में मस्तू पुत्र जीवा सिंह (उम्र 45 वर्ष), अरविंद सिंह पुत्र जयपाल सिंह (उम्र 23 वर्ष), रमेश सिंह पुत्र चंद्र सिंह (उम्र 40 वर्ष), राधा पत्नी अनिल सिंह (उम्र 28 वर्ष), साइकिलू पुत्र अमरू (उम्र 35 वर्ष), शिशपाली पत्नी साइकिलू (उम्र 32 वर्ष), जगमोहन पुत्र रामू (उम्र 50 वर्ष) और माघी देवी पत्नी हरिलाल (उम्र 33 वर्ष) घायल हुए हैं। ज्यादातर घायल हड़वाड़ी और पुजेली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। खराब मौसम के साथ ही क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं बाधित होने के कारण हादसे की सूचना प्रशासन तक पहुंचने में भी देरी हुई। सूचना मिलने के बाद मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई. पुलिस और राजस्व टीम ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों ने बताया कि खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल है। बारिश के दौरान सड़क पर जगह-जगह फिसलन और गड्ढों के कारण आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं होने से यहां लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
