उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज,मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को कर सकता है प्रभावित।

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज,मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को कर सकता है प्रभावित।

देहरादून-31 दिसम्बर 2025

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार आज पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।वहीं गढ़वाल मंडल के अन्य पर्वतीय जनपदों—देहरादून के पर्वतीय क्षेत्र, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर—में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।एक जनवरी को भी पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। दो जनवरी को मौसम की सक्रियता कुछ कम होगी, लेकिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी।मैदानी क्षेत्रों की बात करें तो अगले दो-तीन दिनों तक कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। विशेष रूप से उधमसिंह नगर और हरिद्वार जनपद के साथ-साथ नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में कोहरे का असर देखा जा सकता है।

तापमान को लेकर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, हालांकि मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। आगामी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जो दो जनवरी के बाद फिर सामान्य के आसपास पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में दो जनवरी से अगले दो-तीन दिनों के दौरान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!