अंकिता भंडारी हत्याकांड- गैरसैंण में कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन,किया सरकार का पुतला दहन।

अंकिता भंडारी हत्याकांड- गैरसैंण में कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन,किया सरकार का पुतला दहन।

गैरसैंण- 31 दिसम्बर 2025
रिपोर्ट- पुष्कर सिंह रावत.

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में अभी तक पूर्ण न्याय न मिलने से आमजन,खासकर महिलाओं में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में आज बुधवार को सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर वीआईपी (गट्टू) का नाम उजागर होने को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आज गैरसैंण रामलीला मैदान में एकत्रित होकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार से होते हुए डाकबंगला रोड,तहसील रोड से मुख्य बाजार तक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी गट्टू का नाम उजागर किया गया है। लेकिन सरकार उस वीआइपी पर कार्यवाही करने के बजाय उसे बचाने का काम कर रही है। कांग्रेसियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में तथाकथित रूप से शामिल VIP भाजपा नेता का नाम उजागर होनें के उपरांत भाजपा सरकार से अंकिता हत्याकांड की शीघ्र सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

इस दौरान प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को अब तक न्याय न मिलना राज्य की मां-बहनों की अस्मिता का सवाल बन चुका है।उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्याकांड में शामिल प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि जब तक इस मामले से जुड़े सभी दोषियों का नाम सार्वजनिक कर उनकी गिरफ्तारी नहीं होती,तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आज प्रदेश की महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। कहा कि अंकिता हत्याकांड ने राज्य की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि,अंकिता भंडारी हत्याकांड में लगातार वीआईपी के नाम उजागर करने को लेकर लोग प्रदर्शन करते रहे हैं. लेकिन सरकार वीआईपी को बचाते रही है। आज जब वीआईपी का नाम सामने आया है जो कि बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश महामंत्री के रूप में सामना आए हैं तो सरकार से जहां कार्रवाई की उम्मीद थी सरकार वहां आज भी अपने नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की जनता को अब सरकार से अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में न्याय मिलने की उम्मीद नहीं रही है।

ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह नेगी ने कहा कि, बहन अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक कांग्रेस अपना प्रदर्शन लगातार जारी रखेगी। यदि सरकार जल्द वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन और उग्र होंगे जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

नगर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि,जल्द अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिला तो आने वाले समय में गैरसैण में किसी भी सरकार के मंत्री को नहीं घुसने दिया जाएगा और उनका विरोध किया जाएगा।

वहीं कांग्रेसियों ने गैरसैण चौराहे में प्रदेश सरकार,प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,बीजेपी प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम,अजेय कुमार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह नेगी नगर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी, हरेंद्र कंडारी,जिला अध्यक्ष सेवा दल सुरेंद्र रावत,पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमति बिष्ट,सभासद गोविंद पंवार, उमा ढोंडियाल,ग्राम प्रधान दिवानी राम,सरोज शाह,जगदीश ढ़ोडीयाल,कुंवर सिंह,संजय कुमार,पार्वती देवी रूप लाल कोहली,खिमुली देवी,दीपा देवी,गौरव मोनू,पंकज रावत,मनमोहन सिंह,जयपाल सिंह,मेघा पवार,रिया,पंकज पटवाल,कुंदन सिंह,विजय भण्डारी,संजय सिंह, हरेंद्र सिंह सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!