गढ़वाल विवि में अध्यक्ष पद पर जय हो के हिमांशु भंडारी काबिज,अध्यक्ष पद पर हिमांशु 1505 सबसे अधिक वोटो से जीते।
उपाध्यक्ष पद पर छात्रम् के पुलकित और यूआर में आइसा के युवराज जीते।
श्रीनगर गढ़वाल:-11 सितंबर 2026
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर श्रीनगर में छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर जय हो छात्र संगठन के प्रत्याशी हिमांशु भंडारी ने जीत हासिल की है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी विद्यार्थी परिषद के भुवन चमोली को 1505 मतों से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर छात्रम् के पुलकित अग्रवाल ने बाजी मारी है।
सचिव पद पर एसएसयूसीआई छात्र संगठन के मयंक बहुगुणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 333 वोटों से पराजित किया। सह-सचिव पद पर निर्दलीय अमन कुनियाल ने जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर जय हो छात्र संगठन के रामरूप गुर्जर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर श्रीनगर में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए हैं।शुक्रवार को सुबह आठ बजे छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। मतदान प्रक्रिया दोपहर दो बजे तक जारी रही। इसके बाद सात टेबलों पर दो राउंड की मतगणना शुरू हुई जो शाम 8 बजे संपन्न हुई।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने चुनाव परिणाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर हिमांशु भंडारी को 3301 मत मिले। जबकि भुवन चमोली को 1796 मत प्राप्त हुए। हिमांशु भंडारी ने 1505 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पुलकित अग्रवाल को 2991 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्व प्रीति वर्मा को 945 मतो से पराजित किया।
प्रो. सती ने बताया कि कोषाध्यक्ष पद पर रामरूप् गुर्जर एवं कार्यकारिणी सदस्य पद पर ऋतु राज, अंकुर यादव, नवनीत कुमार और अभिराज नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए। सचिव पद पर मयंक बहुगुणा को 2708 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आर्यन छात्रसंगठन के पंकज को 333 मतों से पराजित किया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर युवराज सिंह को 2979 मत प्राप्त हुए। जबिक उनके विपक्षी अंशुमान कुमार श्रीवास्तव को 1826 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अंशुमान को 1153 मतों से पराजित किया। वहीं छात्रा प्रतिनिधि में जय हो की सुनिधि सिंह 2105 वोट मिले। उन्होने विद्यार्थी परिषद से प्रत्याशी गौतमी भट्ट को 91 वोट से पराजित किया। गढ़वाल विवि में इस बार 6 पदों पर ही चुनाव संपन्न हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. सती ने बताया कि 8776 मतदाताओं में से 5208 मतदाता ने अपने मत का प्रयोग किया। मौके पर सहायक चुनाव अधिकारी प्रो. सीमा धवन, प्रो. विजयकांत पुरोहित, प्रो. मोहन सिंह पंवार, प्रो. एमएम सेमवाल, प्रो. आरएस नेगी सहित आदि ने सहयोग प्रदान किया।
