मां नंदा की बड़ी जात यात्रा आला गांव कें प्रवास पर पहुंची।
चमोली:-13 सितंबर 2026
मां नंदा की बड़ी जात आला गांव के प्रवास पर पहुंच गई है तो बधाण की राजराजेश्वरी नंदा की लोकजात यात्रा इच्छोली गांव के प्रवास पर पहुंची तो भक्तों ने पुष्प वर्षा के साथ देव डोलियों की आगवानी की। इसके चलते भक्तों की आस्था का सैलाब भी लगातार उमड़ता जा रहा है।
मां नंदा की बड़ी जात की उत्सव डोली रामणी से कासमा टोली, घूनी पडेरगांव होते हुए रात्रि प्रवास को आला गांव पहुंची तो भक्तों ने जयकारों और पुष्प वर्षा के साथ देव डोलियों की आगवानी की। यात्रा के पड़ाव वाले गांवों के लोग भी बड़ी जात यात्रा में शामिल होते रहे। नन्दादेवी की मुख्य डोली के साथ बंड की डोली, ल्वाणी की ज्वाल्पा माई की डोली तथा फस्र्वाण फाट के जाख देवता खैनुरी,भीमतल्ला, क्षेत्रपाल, लासी ,मजोठी, सेमडुंग्रा, सरतोली के भूमियाल व जाख के पश्वा,नौना की भगवती की छतोली,मटई,सेमा,कांडई,पगना खुनाणा, लुणतरा, सुंग, ल्वाणी, रामणी के त्यूना राजकोटी, भूमियाल, घूनी के भूमियाल के पश्वा तथा देव छंतोली साथ-साथ चल रहे हैं।
नंदा बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेन्द्र सिंह रावत, कुरूड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखबीर रौतेला ज्येष्ठ प्रमुख हीरा सिंह बिष्ट सजेंद्र कठैत संदीप पंवार विनोद फस्र्वाण, भगवती मैंदोली,लक्ष्मण सिंह नेगी पुजारी मुंशी चंद्र गौड़, दिनेश गौड़, प्रकाश गौड़, उमेश गौड,़ नवीन गौड, प्रवीण गौड़, बन्ड डोली के अध्यक्ष अशोक गौड़, अतुल शाह, देवेंद्र नेगी आदि तमाम श्रद्धालु यात्रा में चल रहे हैं।
बधाण की नंदा के दर्शनों को उमड़ा आस्था का सैलाब।
बीते 5 सितंबर को नंदानगर के कुरूड़ से चली बधाण की श्री नंदा राजराजेश्वरी लोकजात यात्रा पूरी आस्था और उत्साह के साथ हिमालय की ओर बढ़ रही है। बधाण की ईष्टदेवी मां नंदा की डोली धरातल्ला गांव में पूजा-अर्चना के बाद धरामल्ला, पूर्णा, देवाल बाजार होते इच्छोली गांव पहुंची। सोमवार को डोली व लोकजात यात्रा कैल, हाटकल्याणी होते रात्रि प्रवास को फल्दियागांव जाएगी।
रविवार को पूजा-अर्चना के बाद बधाण़ की ईष्ट देवी मां नंदा की डोली धरामल्ला गांव पहुंची तो गांव में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धरामल्ला व पूर्णा गांव होते देर सायं डोली देवाल बाजार में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखी गई। ढोल- दमाऊं की गूंज और पारंपरिक गीतों के साथ मां नंदा का स्वागत हुआ। भक्तगणों ने मां नंदा को फल,नए अनाज व पूजा सामग्री अर्पित किया। देवाल बाजार में मां नंदा की डोली के पहुंचने पर मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र नंदामय हुआ। इस दौरान तमाम श्रद्धालुओं ने मां नंदा के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित किया। देवाल बाजार में तो देव डोली के दर्शनों को आस्था का सैलाब उमड़ा।
