गंगा में मिला अज्ञात महिला का शव,पुलिस जांच में जुटी।

गंगा में मिला अज्ञात महिला का शव,पुलिस जांच में जुटी।

हरिद्वार-20 दिसम्बर 2025

उत्तराखंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले के कनखल थाना क्षेत्र में गंगा नदी से एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गंगा से बाहर निकाला। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था। इसी दौरान एक महिला का शव बहते हुए कनखल स्थित बैरागी कैंप पहुंचा, जहां वह गंगा की रेलिंग में फंस गया। शव को रेलिंग में फंसा देख आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। कनखल थाना प्रभारी मनोहर रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। महिला की पहचान कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि महिला का शव किन परिस्थितियों में गंगा में पहुंचा। आशंका है कि शव किसी अन्य स्थान से बहकर हरिद्वार आया हो, जिसके कारण स्थानीय लोग उसकी पहचान नहीं कर पाए। महिला की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!