नैनीताल में गुलदार के हमले में एक और महिला की मौत।
नैनीताल 30 दिसम्बर 2025
उत्तराखण्ड के नैनीताल में गुलदार के हमले में एक और महिला की मौत हो गयी है। गुलदार ने जंगल में घांस और लकड़ी लेने गई महिला पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वन विभाग ग्रामीणों को गुलदार से निजात दिलाने के प्रयासों में जुट गया है।
उत्तराखण्ड के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार और भालुओं का हमला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आज नैनीताल के खन्स्यु स्थित चमोली गांव से लगे जंगल में कुछ महिलाएं मवेशियों के लिए चारा और चूल्हे के लिए लकड़ियां लेने गई थी। सभी महिलाएं लौट आई लेकिन एक महिला के नहीं आने पर गांववालों की चिंताएं बढ़ गई हैं। तलाश करने पर महिला के अवशेष मिले तो गुलदार के हमले की पुष्टि हुई। मौके पर मौजूद आर.ओ.नितिन पंत ने भी घटना की पुष्टि की है।
एस.डी.ओ.ममता चंद ने बताया कि आज सवेरे महिलाएं जंगल में गई थी और एक को छोड़कर सभी वापस लौट आई। उन्होंने कहा कि चेतावनी और बार बार सूचित करने के बावजूद लोग घने जंगल में घांस और सूखी लकड़ियां लेने जा रहे हैं। फिलहाल वन विभाग जंगल में कॉम्बिंग कर रहा है और गुलदार को चिन्हित कर पिंजरा लगाने की तैयारी कर रहा है।
