कांग्रेस ने खड़े किए CM की प्रेस वार्ता पर सवाल, बोले कई सवाल अब भी अनुत्तरित।
देहरादून-07 जनवरी 2026
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामला प्रदेश भर में इन दिनों सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। यही वजह है कि भाजपा की ओर से इस पूरे मामले पर लगातार सफाई दी जा रही है। इसके लिए पहले भी भाजपा विधायक, कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सांसद प्रेसवार्ता कर संगठन और सरकार का पक्ष रख चुके हैं। इन प्रेस वार्ताओं के दौरान ठीक-ठाक जवाब ना दे पाने के चलते बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद कमान संभाली और विकसित भारत की राम जी के बहाने अंकिता भंडारी मामले पर खुलकर सरकार और संगठन की मंशा को जाहिर किया। हालांकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बात को कहा कि सरकार अंकिता भंडारी के माता-पिता से बातचीत करेगी और वह जो कहेंगे, उसके अनुसार सरकार कानूनी पहलुओं के साथ जांच आगे बढ़ाएगी।
उत्तराखंड में मचे राजनीतिक घमासान के चलते प्रदेश भर की निगाहें अब इस ओर टिकी हुई हैं कि राज्य सरकार क्या कुछ निर्णय लेती है।कांग्रेस शुरू से ही ये मांग कर रही है कि वीआईपी के नाम को सार्वजनिक किया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। इसको लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस समेत अन्य सामाजिक संगठन लगातार पूरे प्रदेश भर में प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अंकिता भंडारी मामले को लेकर की गई हालिया प्रेस वार्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरी तैयारी के साथ पत्रकार वार्ता में आए थे, लेकिन इसके बावजूद कई अहम सवाल आज भी अनुत्तरित हैं।
सरकार के ब्यूरोक्रेट्स दे रहे सफाई⤵️
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ने कल जो प्रश्न उठाए थे, वे आज भी उतने ही जायज हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनका सीधा जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कई ब्यूरोक्रेट्स अंकिता मामले में सफाई दे रहे हैं, जबकि असली सवालों से बचा जा रहा है।
रिसोर्ट पर किसके आदेश पर बुलडोजर चलाया: गोदियाल⤵️
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि अंकिता भंडारी का शव नहर से बरामद होने के बाद रिसोर्ट पर किसके आदेश पर बुलडोजर चलाया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि इस मामले में SIT के तहत 90 से अधिक लोग गवाह बने, लेकिन आखिरकार कितने गवाहों ने अपनी गवाही दी, इसकी जानकारी सरकार क्यों नहीं दे रही है।
गणेश गोदियाल ने दोहराई CBI जांच की मांग⤵️
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी रिटायर जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग करती है, ताकि पूरे मामले का सच सामने आ सके। उन्होंने कहा कि दिवंगत अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच बेहद जरूरी है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
