अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में अंकिता के माता-पिता ने सीएम को सौंपा पत्र,सीएम को दिए पत्र में अंकिता के माता-पिता ने CBI जांच की मांग की।

अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में अंकिता के माता-पिता ने सीएम को सौंपा पत्र,सीएम को दिए पत्र में अंकिता के माता-पिता ने CBI जांच की मांग की।

देहरादून- 08 जनवरी 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में वीआईपी कंट्रोवर्सी प्रकरण थमने का नाम नहीं ले रहा है।एक तरफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से बातचीत कर उनकी मांगों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है, तो दूसरी तरफ विपक्षी दलों के साथ ही सामाजिक संगठनों की सुई वीआईपी के नाम के खुलासे पर अटकी हुई है। बुधवार को अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात कर अपना मांग पत्र सौंपा था। आज गुरुवार को राज्य आंदोलनकारी कमला पंत और भाकपा माले के प्रदेश सचिव इंद्रेश मैखुरी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की।

उत्तराखंड में पिछले 15 दिनों से अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां देखी जा रही हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के साथ ही उत्तराखंड क्रांति दल,आम आदमी पार्टी और तमाम सामाजिक संगठन के लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्य रूप से राजनीतिक पार्टियों के साथ ही सामाजिक संगठन सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। साथ ही इस बात पर भी जोर दे रहे हैं कि शुरुआती दौर में जब वीआईपी की बात सामने आई थी, उस वीआईपी के नाम को सार्वजनिक किया। इसी से संबंधित पत्र अंकिता भंडारी के माता-पिता ने भी मुख्यमंत्री धामी को सौंपा है।

अंकिता भंडारी के माता-पिता की ओर से सीएम धामी को सौंपे गए पत्र में इस बात का जिक्र किया गया है कि, उनकी लड़की के हत्यारे को उम्र कैद के अलावा कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वीआईपी की वजह से उनकी लड़की की हत्या की गई, लेकिन वीआईपी का अभी तक पता नहीं चला,ऐसे में वो चाहते हैं कि वीआईपी को पकड़ने के लिए सरकार,सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई की जांच कराए। यही वजह है कि मुख्यमंत्री धामी ने इस बात को कहा है कि,अंकिता के माता-पिता ने अपनी को मंशा जाहिर की है,उस पर सरकार जल्द निर्णय लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!