पिथौरागढ़ में भूकंप के झटके हुए महसूस,3.7 तीव्रता के भूकंप से फिलहाल किसी नुकसान की जानकारी नहीं।
पिथौरागढ़:-25 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड में भूकंप से फिर धरती डोली है,पिथौरागढ़ में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ ही दर्ज किया गया है।घटना को लेकर अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं आई है। बता दें कि, 22 अक्टूबर को ही तिब्बत में भूकंप ने बड़ा नुकसान पहुंचाया था। तिब्बत में 7.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप महसूस किया गया था। इसके चौथे दिन भूकंप ने लोगों की दहशत बढ़ा दी है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 25 अक्टूबर दोपहर 12 बजकर 51 मिनट 44 सेकंड पर पिथौरागढ़ में 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए तो लोग घरों से बाहर निकल आए।भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ के मूनाकोट में 11 किमी की गहराई में दर्ज किया गया है। हालांकि भूकंप को लेकर अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं है. राज्य और जिला आपदा प्रबंधन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
बता दें कि हाल ही 22 अक्टूबर को उत्तराखंड से सटे तिब्बत में विनाशकारी भूकंप में कई लोगों की मौत हुई थी. रिक्टर स्केल पर 7.0 तीव्रता के भूकंप ने तिब्बत के कई इलाकों में भीषण तबाही मचाई थी। कई घरों में दरारों के साथ कई घर जमींदोज भी हो गए थे। इस शक्तिशाली भूकंप में 16 लोगों की मौत के अलावा 32 लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई थी।
