ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर फंसा ट्रोला,सड़क पर लगा कई किमी लंबा जाम।

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर फंसा ट्रोला,सड़क पर लगा कई किमी लंबा जाम।

रुद्रप्रयाग-16 जनवरी 2026

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग शहर के पास शुक्रवार 16 जनवरी सुबह एक बड़ा ट्रोला फंस जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। ट्रोला में पोकलैंड मशीन लदी हुई है, जिस कारण हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। चमोली की ओर जा रहा यह ट्रोला रुद्रप्रयाग के पास सड़क पर फंस गया, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। बसें और ट्रक हाईवे पर ही खड़े रहने को मजबूर हैं। हालांकि छोटे वाहनों को ही वैकल्पिक रूप से निकाला जा रहा है। सुबह से जाम में फंसे यात्रियों को भारी ठंड के बीच वाहनों में ही घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौके पर प्रशासन और संबंधित एजेंसियां ट्रोला को हटाने के प्रयास में जुटी हुई हैं, ताकि यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। हाईवे पर जाम के चलते बदरीनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। बता दें कि बदरीनाथ धाम की ओर जाने वाले तीर्थ-यात्रियों और स्थानीय लोगों को आज सुबह भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग स्थित पेट्रोल पंप के ठीक समीप एक भारी ट्रोला तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर फंस गया, जिससे हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया है।

बताया जा रहा है कि चलते वाहन में अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से ट्रोला आगे नहीं बढ़ सका। ट्रोला के सड़क पर फंसते ही कुछ ही देर में हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में फंसे यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ट्रैफिक को नियंत्रित करने और ट्रोला हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था बनाने और जल्द से जल्द मार्ग सुचारू करने की कोशिश जारी है। फिलहाल जाम खुलने में समय लग सकता है, ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!