देहरादून में एक और हत्या का मामला आया सामने,हत्या का आरोप मृतक के तीन दोस्तों पर।
देहरादून- 17 फरवरी 2026
राजधानी देहरादून में क्राइम रेट कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। पुलिस एक केस सुलझा भी नहीं पाती कि दूसरी आपराधिक घटना सामने आ जाती है। देहरादून के बसंत विहार थाना इलाके से एक नया मामला सामने आया है। नशे में धुत तीन युवकों ने एक युवक की बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया।फिलहाल, तीनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।युवक की हत्या का पता तब चला जब उसके परिवार ने देहरादून नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि जिस युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसकी हत्या कर दी गई थी। हालांकि, पुलिस को अभी तक लाश नहीं मिली है। उनका कहना है कि उन्हें लाश के बारे में जानकारी मिली है और वे जल्द ही उसे बरामद कर लेंगे।
क्या था पूरा मामला⤵️
जानकारी के मुताबिक दिगंबर धीमान के खिलाफ 2021 में बसंत विहार थाने में पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था, इस मामले में दिगंबर धीमान को जमानत भी मिल गई थी। 9 फरवरी को दिगंबर धीमान की देहरादून कोर्ट में पेशी थी, दिगंबर धीमान अपने पिता के साथ 9 फरवरी को कोर्ट गया था,वहां के रजिस्टर में उसके साइन भी है, लेकिन किसी कारण ने पेशी नहीं हो पाई थी।
पुलिस के अनुसार कोर्ट से निकलने के बाद दिगंबर धीमान ने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वो शाम तक घर वापस आ जाएगा। लेकिन दिगंबर धीमान देर शाम तक भी घर नहीं लौटा। दिगंबर धीमान ने अपने पिता को बताया था कि वह दोस्तों के साथ बाहर जा रहा है। परिवार ने दिगंबर धीमान को बहुत ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। आखिर में 11 फरवरी को दिगंबर धीमान के पिता ने देहरादून नगर कोतवाली में बेटे के गुमशुदगी की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो चौकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार दिगंबर की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी और उसका शव भी ठिकाने लगा दिया था।
वसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि कोर्ट में पेशी के बाद दिगंबर धीमान ने अपने पिता को घर भेज दिया और रेसकोर्स इलाके में अपने दोस्तों के पास गड्ढों वाली गली में चला गया। वहीं दिगंबर धीमान और उसके तीन दोस्तों ने रात में शराब पी।पुलिस का कहना है कि नशे में चारों की किसी बात पर बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। तीनों दोस्तों ने दिगंबर धीमान को बेसबॉल बैट से मारा। बेसबॉल बैट से दिगंबर धीमान के सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों दोस्त घबरा गए और शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि उन्हें तीनों आरोपियों की लोकेशन मिल गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लाश मिलने के बाद जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
