उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम का मिजाज,प्रदेश में बारिश और बर्फबारी,मौसम विभाग का अलर्ट जारी।
उत्तराखंड-15 मार्च 2026
प्रदेश में आज मौसम करवट बदल सकता है,मौसम विभाग के मुताबिक आज कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं आकाशीय बिजली चमकने और 3500 से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है।
उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के पर्वतीय जनपदों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है. वहीं पर्वतीय जिलों में 3500 से अधिक ऊंचाई वाले स्थालों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राज्य के मैदानी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ होने का अंदेशा जताया गया है। उत्तराखंड मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है, साथ ही मौसम विभाग ने बारिश गरज और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना जताई है।जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के हरिद्वार,उधमसिंह नगर,देहरादनू ,टिहरी,पौड़ी,नैनीताल और चंपावत जनपदों में भी गरज और चमक के साथ बारिश होने की संभावना जता है. इन जिलों में ओलावृष्टि, झक्कड़ (तेज हवाएं 50-60 किमी प्रति घंटा तक) चलने का अंदेशा जताया गया है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। इसके साथ ही प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है। बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आज आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे. कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है. ओलावृष्टि व झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमशः 30°C तथा 17°C के लगभग रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक व पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अधिक से लेकर अत्यंत अधिक रहा। अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तराखंड में अधिकतम तापमान में 3-5 ᵒC तक रहने का अंदेशा जताया गया है।
