मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं के संवाहक:- मुकेश नेगी
मेले के माध्यम से हमारी मातृशक्ति को आगे आने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मिल रहा बेहतरीन मंच:-मोहन भंडारी
गैरसैंण- 06 नवंबर 2026
गैरसैंण में आयोजित पांच दिवसीय ‘कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले के तीसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता मुकेश नेगी और विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने शिरकत की। मेला स्थल पर पहुंचने पर मेला समिति की अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत ने अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मेले के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुकेश नेगी ने कहा,मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं,जो हमारी प्राचीन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण जरिया बनते हैं। गैरसैंण में इस तरह के भव्य और सफल आयोजन के लिए उन्होंने मेला समिति को धन्यवाद दिया। नेगी ने कहा कि व्यस्त जीवन के बीच इस प्रकार के आयोजनों से न सिर्फ हमें अपनी लोक-संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलती है, बल्कि ये मेले मनोरंजन के साथ-साथ समाज को एकता और सौहार्द की सीख भी देकर जाते हैं।
वहीं,विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि,मेले के माध्यम से हमारी मातृशक्ति को आगे आने और अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिल रहा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की सराहना करते हुए कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं खेती-बाड़ी, पशुपालन और घर-गृहस्थी के भारी कामकाज में व्यस्त रहने के बावजूद इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं, जो समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
मेला समिति की अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत ने मेले की निरंतरता पर बात करते हुए सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने की सबसे ज्यादा जरूरत है और यह मेला इसी दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में कांग्रेस नेता ईश्वरी मैखुरी,क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य,जिला पंचायत सदस्य कामेश्वरी देवी,कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुंवर रावत,ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट,ग्राम प्रधान दिवानी राम,सभासद उमा ढोंडियाल,सरोज साह,संजय कुमार,मंजू बिष्ट और दान सिंह नेगी समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता शामिल रही।
सांस्कृतिक संध्या रही लोकगायक किशन महिपाल व अंजली खरे के नाम
मेले के तृतीय दिवस की सांस्कृतिक संध्या लोकगायक किशन महिपाल व अंजली खरे के नाम रही, जिन्होंने कई गढ़वाली लोकगीत गाकर मेलार्थियों को थिरकने पर मजबूर कर दिया,इस दौरान मेलार्थी देर शाम तक मेला मैदान में थिरकते रहे।
