घरेलू गैस की आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित तो कमर्शियल की आपूर्ती ठप्प,गैरसैंण क्षेत्र में 17 हजार घरेलू व 300 कामर्शियल कनेक्शन।

घरेलू गैस की आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित तो कमर्शियल की आपूर्ती ठप्प,गैरसैंण क्षेत्र में 17 हजार घरेलू व 300 कामर्शियल कनेक्शन।

45 दिनों के बुकिंग समय को 30 दिन किए जाने की मांग।

मेहलचौरी (गैरसैंण )-20 मार्च 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला

रसोई गैस को लेकर जहां मैदानी क्षेत्रों में मारामारी मची हुई दिखाई दे रही है,वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत हालत फिलहाल नियंत्रण में हैं। लगभग 17 हजार घरेलू एलपीजी गैस के उपभोक्ताओं वाले ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण क्षेत्र में फिलहाल घरेलू रसोई गैस की आपूर्ती आंशिक रूप से प्रभावित हुई है।लेकिन कमर्शियल गैस ओर स्कूलों में एमडीएम के लिए गैस आपूर्ति पूरी तरह बंद होने से एक तरफ जहां होटल ढाबा संचालकों की परेशानी बढ़ रही है ,वहीं स्कूलों में जल्द ही एमडीएम के बंद होने की संभावना है। पूर्व में 25 दिनों के अंतराल पर बुक होने वाले घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग का समय 45 दिन किए जाने से अब लोगों में गैस की कमी का डर भी सताने लगा है। वहीं क्षेत्र के लगभग 160 कामर्शियल उपभोक्ताओं को आपूर्ति फिलहाल पूरी तरह बंद की गयी है।

गैरसैंण क्षेत्र में दो गैस एजेंसीयां संचालित होती है, जिसमें से गैरसैंण में एचपी गैस के लगभग 14हजार उपभोक्ता हैं, वहीं माईथान में संचालित होने वाली इंडेन एंजेसी के 3 हजार उपभोक्ता हैं।गैरसैंण एंजेसी से सामान्य तौर पर लगभग 4 हजार उपभोक्ता हर माह गैस भरवाते हैं ,यही स्थिति फरवरी में भी रही थी,लेकिन वर्तमान में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दिन 25 से बढ़कर 45 कर दिए जाने से गैस आपूर्ति में भी कुछ कमी आई है। मार्च के पहले पखवाड़े में अब तक लगभग केवल 15 सौ सिलेंडर ही वितरित किए जा सके हैं, वहीं माईथान एजेंसी के 3 हजार उपभोक्ताओं में से फरवरी में 12 सौ उपभोक्ताओं ने सिलेंडर लिए ,जबकि मार्च माह की 15 तारीख तक 5 सौ सिलेंडर ही वितरित हुए हैं।

मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य कोठा सुरेश बिष्ट ,कुसरानी -माईथान की अनीता रावत,आन्द्रपा के जगदीश घनियाली व मालसी की कामेश्वरी देवी ने जिला खाद्य आपूर्ति विभाग को गैस आपूर्ति के दिनों को 45 से घटाकर 30 दिन किए जाने की मांग की है।वहीं कमर्शियल व एमडीएम के सिलेंडरों की आपूर्ति को भी शुरू किए जाने की मांग की।जनप्रतिनिधियों का कहना है की स्कूलों में मध्याहन भोजन व्यवस्था जहां बंद होने के कगार पर है ,वहीं होटल ढाबा संचालकों पर रोजी -रोटी का संकट खडा हो रहा है।

एचपी गैस प्रबंधक एचएस रावत व इंडैन एजेंसी के गब्बर सिंह नेगी ने बताया कि आपूर्ति में फिलहाल मामूली कमी आई है ,जहां उपभोक्ता पहले 25 दिन में सिलेंडर ले सकते थे ,अब बुकिंग 45 दिन किए जाने से उपभोक्ताओं में थोड़ी परेशानी देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!