रुड़की पुलिस का बड़ा खुलासा,वाहन चोर गैंग को किया गिरफ्तार।
रुड़की (हरिद्वार)-23 मार्च 2026
रुड़की की गंगनहर कोतवाली में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने प्रेस वार्ता के दौरान वाहन चोरी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है.प्रेस वार्ता के दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने इस गैंग के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनी कश्यप, सलमान और मयंक के रूप में हुई है,जो तीनों ही रुड़की क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से इलाके में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के मुताबिक ये शातिर आरोपी सुनसान जगहों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे और चोरी के बाद उन्हें खंडरों में छिपा देते थे। इसके बाद आरोपी चोरी की गाड़ियों को मॉडिफाई कर उनकी पहचान बदल देते थे और उन्हें बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपने शौक को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस टीम ने जांच पड़ताल, पूछताछ,सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पनियाला लाठर देवा तिराहे के पास से तीनों आरोपियों को दबोचा। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 8 चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद गाड़ियों में से 4 वाहन गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं,जबकि 4 अन्य वाहन भी बरामद किए गए हैं जिनकी जांच की जा रही है। इस खुलासे से क्षेत्र में वाहन चोरी की कई घटनाओं का राज भी खुल गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है। और पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से जहां एक ओर पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है, वहीं दूसरी ओर वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
