जमीन विवाद को लेकर भाई ने की भाई की हत्या,घटना से पूरे इलाके में दहशत।

जमीन विवाद को लेकर भाई ने की भाई की हत्या,घटना से पूरे इलाके में दहशत।

गदरपुर (ऊधमसिंह नगर)-30 मार्च 2026

ऊधमसिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बकेनिया सकेनिया गांव में जमीन के विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वेश्वर सिंह का अपने ही परिवार में जमीन का विवाद चल रहा था, इसी विवाद ने बीती देर रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि उनके भाई सर्वजीत सिंह ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में सर्वेश्वर सिंह को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए रुद्रपुर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की और अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे जमीन के विवाद की बात सामने आ रही है और परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके और सबूतों के आधार पर मजबूत कार्रवाई की जा सके। इलाके में इस घटना के बाद भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द न्याय की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!