गुप्तकाशी से गौरीकुंड तक मांस की बिक्री पर पूर्णतया लगाया गया प्रतिबंध।
रुद्रप्रयाग-13 अप्रैल 2026
केदारनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार यात्रा मार्गों में मांस की दुकानें नहीं दिखेंगी, जिससे उनकी आस्था को ठेस नहीं पहुंचेगी। पहले जहां यात्रा मार्ग पर मांस की दुकाने खुली होने से देश-विदेश से लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु शिकायतें किया करते थे, मगर अब उनकी शिकायतें खत्म हो जाएंगी। अगर कोई व्यापारी मांस बेचता हुआ पकड़ा जाता है तो उसके मुंह पर कालिख पोतने के साथ ही कानूनी कार्य की जाएगी। इसके लिए केदारघाटी की महिला मंगल दलों ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का आभार जताया है। इस बार केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रा मार्गों में मांस की दुकानों पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसको लेकर मांस की दुकानों के बाहर नोटिस भी लगा दिए गए हैं।
लंबे समय से समाजसेवी अशोक सेमवाल के नेतृत्व में केदारघाटी की महिला मंगल दल शेरसी, रामपुर, सीतापुर, बड़ासू, गौरीकुंड सहित अन्य महिला मंगल दल के इस अभियान को सफलता मिली है। महिलाओं द्वारा सड़कों पर मांस और शराब को लेकर आंदोलन किया गया। इसके बाद प्रशासन जागा और बीते दिन यात्रा मार्ग के सीतापुर में आयोजित व्यापारियों की बैठक की। बैठक में डीएम विशाल मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुप्तकाशी से गौरीकुंड तक मांस की बिक्री पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इसके बाद से समाजसेवी अशोक सेमवाल मांस की दुकानों में जाकर नोटिस चिपका रहे हैं और मांस व्यापारियों को स्पष्ट कहा जा रहा है कि यात्रा कपाट खुलने के एक सप्ताह पहले सभी मांस की दुकानों को बंद किया जाए, जिससे चारधाम यात्रा पर आने श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस ना पहुंचे।
सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेवमाल ने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर संचालित होने वाली मांस की दुकानों के कारण श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ होता है। इन दुकानों को देखकर श्रद्धालु अच्छा संदेश लेकर नहीं जाते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान शराब और मांस पकड़े जाने पर मुंह पर कालिख पोती जाएगी और कानूनी कार्य भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि गुप्तकाशी से सीतापुर के बीच दो दर्जन के करीब मांस की दुकानें हैं, जिनमें दस दुकानों पर नोटिस चिपकाए गए हैं। सोमवार को गुप्तकाशी, नारायणकोटी,मैखंडा,फाटा,सीतापुर,सोनप्रयाग स्थित मांस की दुकानों में नोटिस छिपकाए गए। अन्य जगह मंगलवार को नोटिस चिपकाए जाएंगे। इस मौके पर गौ रक्षा विभाग के प्रदेश सचिव मोहन नौटियाल सहित अन्य मौजूद थे।
