देहरादून में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मां-बेटे की नशा तस्कर जोड़ी गिरफ्तार।

देहरादून में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मां-बेटे की नशा तस्कर जोड़ी गिरफ्तार।

देहरादून-04 जून 2026

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे की एक जोड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये मूल्य की 56.56 ग्राम अवैध स्मैक, 7,120 रुपये नकद तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार जोगीवाला चौक के पास सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्श उर्फ छररा (22 वर्ष) और उसकी मां आसमा (50 वर्ष) निवासी जोगीवाला चौक, नेहरू कॉलोनी के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अर्श स्वयं भी नशे का आदी है और वह एक स्थानीय ड्रग पेडलर से स्मैक खरीदकर लाया था। दोनों मां-बेटे मिलकर इस स्मैक को शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं तथा नशे के आदी स्थानीय युवाओं को बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद स्मैक के स्रोत और इससे जुड़े अन्य तस्करों के संबंध में भी जांच शुरू कर दी गई है।

दून पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!