उत्तराखंड STF ने काशिपुर में पकड़ा हथियारों का जखीरा।

उत्तराखंड STF ने काशिपुर में पकड़ा हथियारों का जखीरा।

काशिपुर (उधमसिंह नगर):-10 जून 2026

उधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से चार हथियार और 237 कारतूस बरामद किए हैं। संदिग्ध कार में हथियार होने की सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एसटीएफ अब हथियारों के स्रोत,वाहन स्वामी और इनके संभावित इस्तेमाल के उद्देश्य की गहन जांच में जुट गई है।

काशीपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा की गई एक बड़ी कार्रवाई ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। एसटीएफ की टीम ने एक निजी कार पार्किंग में खड़ी कार संख्या (UK18 P 5046) पर छापा मारकर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ को वाहन में अवैध हथियार होने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह और अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। तलाशी के दौरान वाहन से चार अलग-अलग प्रकार के हथियार बरामद किए गए. इनमें एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक .22 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल और एक .32 बोर रिवॉल्वर शामिल हैं। हथियारों के अलावा वाहन से कुल 237 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में कारतूस मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हथियार और कारतूस वैध हैं या अवैध रूप से रखे गए थे। इसी कारण एसटीएफ मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियार किसके हैं और इन्हें कहां से लाया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। वाहन के मालिक की पहचान और उसके संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि कहीं इस मामले का संबंध किसी आपराधिक गिरोह, तस्करी नेटवर्क या अन्य अवैध गतिविधियों से तो नहीं है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। आमतौर पर शांत माने जाने वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद होना कई सवाल खड़े कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह का कहना है कि,अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

काशीपुर में हुई यह कार्रवाई अवैध हथियारों के खिलाफ एसटीएफ की बड़ी सफलता मानी जा रही है। बरामद हथियारों और कारतूसों की मात्रा को देखते हुए यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बन गया है और आने वाले दिनों में जांच से कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!