बढ़ती महंगाई को लेकर यूथ कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन,महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को घेरा।
देहरादून:-09 जून 2026
देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के कारण महंगाई भी आसमान छू रही है,जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। इसी को लेकर कांग्रेस ने आज मंगलवार 9 जून को देहरादून में बीजेपी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल किया। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में एश्ले हाल चौक पर किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में सिलेंडर उठाकर बढ़ती महंगाई का जमकर विरोध किया. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही स्वाति नेगी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी करके सरकार ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
इस दौरान स्वाति नेगी ने कहा कि एक तरफ युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, दूसरी तरफ पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही है,इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका कर केवल प्रचार प्रसार में ही व्यस्त है। कहा कि उत्तराखंड की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल व्यवस्थाओं से बुरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। किंतु सरकार जवाबदेही लेने की बजाय विज्ञापनों के माध्यम से अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी हुई है। एक तरफ राज्य में आम जनता के आय के स्रोत काम होते जा रहे हैं तो दूसरी तरफ महंगाई कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश की वर्तमान स्थिति यह हो गई है कि यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है. महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ती जा रही है। राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति भी चरमराई हुई है।राज्य की जनता के सामने इस समय ऐसी बहुत सारी समस्याएं खड़ी हो गई है, जिससे यहां का आम जनमानस जूझ रहा है. उसके बावजूद सरकार प्रचार प्रसार के जरिए स्वयं अपनी पीठ थपथपाने में लगी हुई है।
इस दौरान प्रदर्शनकारी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि, जनता की आवाज को आगे भी युवा कांग्रेस पूरी मजबूती से उठाने जा रही है, और महंगाई के खिलाफ इसी तरह उनका संघर्ष जारी रहेगा। कहा कि अगर सरकार ने अति शीघ्र बढ़ती महंगाई पर लगाम नहीं लगाई तो युवा कांग्रेस जगह-जगह प्रदर्शन करके निरंतर बढ़ रही महंगाई का जबरदस्त विरोध करेगी।
