देवपुरी संदिग्ध मौत मामले में विधायक को ज्ञापन,ग्रामीणों के बाद पंचायत प्रतिनिधि भी हुए मुखर।
डर के माहौल से शहरों से छुट्टियों में भी घर नहीं आ रहे लोग।
गैरसैंण:- 11 जून 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला।
कोतवाली गैरसैंण के अंतर्गत माईथान क्षेत्र के देवपुरी गांव के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की धीमी जांच को लेकर अब ग्रामीणों के साथ ही न्याय पंचायत कुशरानी -खंसर के पंचायत प्रतिनिधि भी सक्रिय हो गये हैं। क्षेत्र के डेढ दर्जन से ज्यादा पंचायत प्रतिनिधियों मे शामिल ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य,प्रधानगणों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल के साथ ही उपजिलाधिकारी अबरार अहमद को मांग पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है की मामले में पुलिस धीमी गति से जांच कर रही है,जिससे अपराधी बैखौफ घुम रहे हैं,वहीं क्षेत्र में बने डर के माहौल के कारण बाहर रहने वाले परिवार गर्मीयों की छुट्टियां बिताने भी घर नहीं आ रहे हैं,जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर कुछ दिन पहले ही देवपुरी के
ग्रामीणों ने भी बैठक कर मामले का जल्द खुलासा न होने की दशा में आंदोलन किए जाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी तत्परता दिखाते हुए मौत के कारणों का जल्द खुलासा न होने पर व्यापक जनआंदोलन किए जाने की बात कही है। संदिग्ध परिस्थितियों में ग्रामीण राजेन्द्र सिंह कंडारी मौत के मामले में पंचायत प्रतिनिधियों ने मौत को हत्या बताते हुए कहा कि घटना के तीन सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस खाली हाथ है जिससे क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ है।
उल्लेखनीय है की देवपुरी गांव के राजमिस्त्री का काम करने वाले 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह कंडारी 18 मई को सुबह गांव के नजदीक ही काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे ,जिसके बाद से ही वे लापता हो गए थे,परिजनों द्वारा मामले की शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा लगातार डॉग स्कवाड टीम के साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से गहन खोजबीन की गई। इसी दौरान 23 मई को राजेंद्र सिंह का शव घर से 400 मीटर की दूरी पर गधेरे के तालाब में पाया गया था. तब शव के दोनों पैर व एक हाथ बंधा हुआ मिला था,वहीं सर पर गहरी चोट के निशान भी मिले थे,जबकि नजदीक में ही मृतक की पानी की बोतल,मोबाइल व चप्पल मिलने से परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या करके शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई थी। इसके बाद से ही मामले की पेचिदगी ओर हत्या की आशंका देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा लगातार डॉग स्कावड टीम के साथ ही फॉरेंसिक टीम व फील्ड यूनिट को भी लगाने के बावजूद पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पा रहा है।
मामले में त्वरित जांच की मांग करते हुए देवपुरी की प्रधान किरन देवी के नेतृत्व में प्रमुख गैरसैंण दुर्गा देवी,जिला पंचायत सदस्य बच्चछुवाबाण अनीता रावत,न्याय पंचायत कुसरानी प्रधान संगठन के अध्यक्ष सहित प्रधान नैल,कालीमाटी,मालकोट,दिवाधार,नैणी,बच्छुवाबाण,कोट,कलचुंडा,सारिंगगांव,टेटुडा,उत्तरी झूमाखेत,सेरा तेवाखर्क,लखेडी व क्षेत्र पंचायत सदस्य झूमाखेत,देवपुरी व टेटुडा उपस्थित रहे।
