गढ़ीनेगी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी की हुई हार,निर्दलीय प्रत्याशी ने की जीत दर्ज।
उधमसिंह नगर:-11 जून 2026
उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव का परिणाम घोषित हो गया है। जहां निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने जीत हासिल की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सचिन बटला को 94 वोटों से हराया। वहीं,बीजेपी प्रत्याशी की रिकाउंटिंग की अपील खारिज कर दी गई है।
बता दें कि उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत गढ़ीनेगी के लिए संपन्न हुए चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई। मतगणना को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से 7 मतगणना टेबलें स्थापित की गई। जहां मतगणना कर्मियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतों की गिनती की।मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रत्याशियों, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। चुनाव परिणामों को लेकर लोगों में खासा उत्साह और उत्सुकता देखी गई। समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के दावे करते नजर आए। वहीं, उम्मीदवारों की धड़कनें भी मतगणना के साथ तेज हो गई। आखिरकार चुनाव परिणामों का इंतजार खत्म हुआ। जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने बीजेपी प्रत्याशी सचिन बटला को पटखनी दे डाली। अभिषेक सुखीजा ने सचिन बटला को 94 मतों से हराकर जीत अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही अभिषेक सुखीजा गढ़ीनेगी नगर पंचायत के अध्यक्ष बन गए हैं. उनके जीत हासिल करते ही समर्थकों में जश्न का माहौल है।
बतादें कि जिला और पुलिस प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।मतगणना स्थल के भीतर और बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।मतगणना केंद्र में प्रवेश केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही दिया जा रहा है और सुरक्षा जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। लिहाजा, शांतिपूर्ण तरीके से नगर पंचायत गढ़ीनेगी के चुनाव संपन्न हो गए हैं। आखिरकार क्षेत्र की जनता ने अपने प्रत्याशी पर भरोसा जताकर जीत का सेहरा सजा दिया है।
