कर्णप्रयाग विवाद: दोनों मुकदमों की जांच हरिद्वार ट्रांसफर,पुलिस के आचरण की भी होगी जांच।
घायल सिख यात्री के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज।
देहरादून-22 जून 2026
कर्णप्रयाग में 16 जून को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
घटना में घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर कथित मारपीट करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 20 जून को थाना कर्णप्रयाग में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके साथ ही थाना कर्णप्रयाग में दर्ज दोनों मुकदमों की जांच चमोली से हटाकर हरिद्वार जनपद स्थानांतरित कर दी गई है। अब इन मामलों की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर की निगरानी में की जाएगी, ताकि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से पूरी हो सके।
पुलिस मुख्यालय ने सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित व्यवहार और आचरण को लेकर लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया है। इन आरोपों की जांच डीआईजी यशवंत सिंह को सौंपी गई है, जिन्हें दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है और हर मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
