रुड़की में चाकू से गोदकर युवक की हत्या,वारदात से इलाके में फैली सनसनी,आरोपी की तलाश जारी।
रुड़की:-27 जून 2026
रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हाल्लूमजरा चौक पर 28 वर्षीय युवक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
उपचार के दौरान देहरादून ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भगवानपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम निवादा निवासी 28 वर्षीय मुफीद पुत्र मतलूब बाइक से हाल्लूमजरा चौक सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और धारदार चाकू से पेट पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को रुड़की के आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया,लेकिन रास्ते में ही मुफीद ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को रुड़की सिविल अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि हमलावर मुजफ्फरनगर जनपद के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उनका मृतक से रिश्तेदारी का भी संबंध बताया जा रहा है,हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही।
सीओ सुमित पांडे ने बताया कि युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था,जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है,जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
