गैरसैंण के लोकप्रिय यूट्यूबर “गैरसैंण वाला” हिमांशु पंवार का 26 वर्ष की उम्र में निधन,क्षेत्र में शोक की लहर।
गैरसैंण:-04 जुलाई 2026
गैरसैंण नगर पंचायत क्षेत्र के डाँगीधार निवासी और लोकप्रिय स्थानीय इंफ्लुन्सर हिमांशु पंवार का आज शनिवार 4 जुलाई की सुबह महज 26 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें उपचार के लिए गैरसैंण अस्पताल ले जा रहे थे,लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
विगत माह हिमांशु बने थे बेटी के पिता—
आपको बता दें कि हिमांशु पंवार दो सप्ताह पहले ही पिता बने थे और उन्होंने 21 जून को अपने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था “दोस्तों आज भगवान ईष्ट कुल देवताओं की कृपा से मुझे बिटिया की प्राप्ति हुई है।। जय मां लक्ष्मी। अपनी बिटिया को आशीर्वाद जरूर दे।”
हिमांशु पंवार अपने वीडियो के माध्यम से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं, संस्कृति, पर्यटन, विकास कार्यों और स्वरोजगार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते थे। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी पहचान थी। उनके फेसबुक पेज गैरसैंण वाला पर करीब 47 हजार फॉलोअर्स हैं, जबकि उनके वीडियो हजारों लोगों तक पहुंचते थे।
हिमांशु के निधन पर जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख—
विधायक अनिल नोटियाल ने हिमांशु पंवार के आकस्मिक निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि यह समाचार बहुत ही दुखद एवं हृदय विदारक है.लोकप्रिय यूट्यूबर प्रिय हिमांशु पंवार (गैरसैंण वाला) के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनका असमय इस संसार से चले जाना न केवल उनके परिवार और मित्रों, बल्कि उन्हें चाहने वाले हजारों लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है। कहा कि वो ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि, दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, परिजनों और सभी शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल दें।
नगर पंचायत गैरसैंण के अध्यक्ष मोहन भंडारी ने भी हिमांशु पंवार के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि,गैरसैंण की पहचान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हिमांशु पंवार “गैरसैंण वाला” के कम उम्र में हृदय गति रुकने से असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और स्तब्ध करने वाला है।ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
पूर्व राज्य मंत्री सुरेश कुमार बिष्ट ने भी हिमांशु पंवार के निधन पर शोक संवेदना जताई है उन्होंने कहा कि,एक ऐसी खबर जिसने दिल को झकझोर दिया, एक ऐसी खबर जिस पर विश्वास नहीं हो पा रहा है हम सब के प्यारे यू-टयूबर “गैरसैंण वाला” हिमांशु हम सबसे अलग होकर दूसरी दुनिया में चले गए,भगवान पुण्य आत्मा को शांति और परिवार जनों को यह बहुत बड़ा दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत ने कहा कि,यह अत्यंत दुःखद समाचार है कि भाई हिमांशु (गैरसैंण वाले) अब हमारे बीच नहीं रहे।उनके असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार और सभी प्रियजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
हिमांशु पंवार के निधन पर यूकेडी नेता आशीष नेगी ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि “गैरसैंण की प्रखर आवाज, हिमांशु भाई… आपका यूं अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व सभी शुभचिंतकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश नेगी ने कहा कि,गैरसैंण क्षेत्र के प्रसिद्ध यूट्यूबर छोटे भाई हिमांशु पंवार के आकस्मिक निधन की खबर अत्यंत दुखदायी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश लखेड़ा ने कहा कि,“गैरसैण वाला” नाम से ब्लॉगिंग के माध्यम से हमारे बीच लोकप्रिय गैरसैण निवासी भाई हिमांशु पंवार मात्र 26 वर्ष की आयु में हमे असमय छोड़कर चले गए। खुशमिजाज़, मिलनसार और सामाजिक सरोकारों को लेकर अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से कम समय में उन्होंने अपनी लोकप्रिय छवि बनायी थी।
वरिष्ठ पत्रकार प्रेम संगेला ने हिमांशु के निधन पर दुख जताया है,उन्होंने कहा कि,ईश्वर के क्रुर न्याय का शिकार गैरसैंण वाला महज 26 साल की उम्र में हार्ट अटैक से मौत हो गई.कहा कि,इस दुखद घटना की सूचना क्षेत्रवासियों सहित उनके फ्लौवरों के लिए किसी सदमे से कम नहीं है. ईश्वर पुण्यातमा को शांती प्रदान करे एवं गहरे दुख की इस घडी में परिवारजनों को सबल प्रदान करें।
हिमांशु पंवार के असामयिक निधन की खबर से गैरसैंण सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके प्रशंसक, शुभचिंतक और स्थानीय लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि हिमांशु अपने वीडियो के जरिए गैरसैंण की आवाज को प्रदेश और देशभर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे थे। हिमांशु अपने पीछे पत्नी, बेटी, माता पिता, भाई बहन व बुजुर्ग दादी को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। बताया गया कि,कल रविवार को उनके पैतृक घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।
हिमांशु पंवार के निधन पर विधायक अनिल नोटियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत,पूर्व राज्य मंत्री सुरेश कुमार बिष्ट, दैनिक जागरण गैरसैंण के वरिष्ठ संवाददाता प्रेम संगेला,व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट,भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पंकज गैड़ी,सभासद सोनाली साह,कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुंवर रावत,यूकेडी के आशीष नेगी,कांग्रेस नेता हरिकृष्ण भट्ट,मुकेश नेगी,वरिष्ठ पत्रकार अवतार सिंह नेगी,महेश जुयाल,पुष्कर कोलखी,शिक्षक जगदीश ढोंडियाल,डॉ गंगा सिंह बिष्ट सहित तमाम जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय लोगों ने गहरा दुख जताया है।
