नरेश पांडे मामले में दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पहली युवती पुलिस हिरासत में, पुलिस के रडार में कई अन्य भी,जल्द हो सकती है गिरफ्तारी।
नैनीताल:-10 जुलाई 2026
भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़ सामने आ गया है। मामले में नरेश पांडे के खिलाफ सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली युवती को नैनीताल पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। देर शाम तक मल्लीताल कोतवाली में उससे लगातार पूछताछ जारी रही. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण,दबाव बनाकर गर्भपात कराने, धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। युवती की तहरीर पर मल्लीताल कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला सामने आने के बाद यह पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया था। इस बीच नरेश पांडे ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले जिला न्यायालय और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, लेकिन दोनों अदालतों से उसे राहत नहीं मिली।जमानत याचिका खारिज होने के बाद भी वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
इसी दौरान एक अन्य युवती ने भी नरेश पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार देर रात उसे हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद गिरफ्तार कर लिया था. बुधवार को जिला न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
अब पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पहली शिकायतकर्ता युवती को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले के विभिन्न तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों का मिलान किया जा रहा है. इसी क्रम में युवती से कई बिंदुओं पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवती को किस आधार पर हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है या नहीं।
मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि,मामले में संलिप्त युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।पूछताछ के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई से इस चर्चित प्रकरण में कई नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
