सोशल मीडिया वीडियो हटाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म,दो आरोपी गिरफ्तार।

सोशल मीडिया वीडियो हटाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म,दो आरोपी गिरफ्तार।

पिथौरागढ़:-14 जुलाई 2026

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक मामला सामने आ रहा है। यहां सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को हटाने का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच अभी जारी है।

मामले की जांच कर रही एसआई बबीता टम्टा के अनुसार, पिथौरागढ़ सीमांत क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने 8 जुलाई को पुलिस में तहरीर दी थी। तहरीर में युवती ने बताया कि वह एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को पसंद करती थी और करीब एक वर्ष पहले उससे मिलने के लिए ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित उसके घर गई थी। वहां किसी बात को लेकर इंफ्लुएंसर और उसकी पत्नी के साथ उसका विवाद हो गया था। इस दौरान हुई कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे युवती को समाज में बदनामी का सामना करना पड़ा और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।

पीड़िता का आरोप है कि वायरल वीडियो हटवाने की कोशिश के दौरान उसका संपर्क इंफ्लुएंसर के परिचित तीन युवकों से हुआ, जिनमें से एक उसका ड्राइवर था। युवती का कहना है कि तीनों ने सोशल मीडिया से वीडियो हटवाने का भरोसा दिया, लेकिन इसी बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की भूमिका सहित पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!