उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कुनबा बढ़ा रही कांग्रेस,राजनीतिक,सैन्य व प्रशासनिक सेवा से जुड़े कई लोग कांग्रेस में हुए शामिल।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कुनबा बढ़ा रही कांग्रेस,राजनीतिक,सैन्य व प्रशासनिक सेवा से जुड़े कई लोग कांग्रेस में हुए शामिल।

देहरादून:-14 अक्टूबर 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अपना कुनबा मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में आज देहरादून में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में भाजपा, आम आदमी पार्टी (AAP) और सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े कई दिग्गजों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने संयुक्त रूप से सभी नए सदस्यों को फूल-मालाएं और पार्टी का पटका पहनाकर संगठन में स्वागत किया।

साथ ही उन्हें पार्टी के सदस्यता दिलवाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि,कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाला एक विशाल जन आंदोलन है। आज प्रशासनिक व सैन्य सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों और अन्य दलों के नेताओं का कांग्रेस में आना यह साफ करता है कि हर वर्ग प्रदेश में राजनीतिक बदलाव चाहता है। राज्य की वर्तमान सरकार उत्तराखंड के स्वाभिमान को लगातार ठेस पहुँचा रही है,जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बता दें कि आज चकराता, सहसपुर, विकासनगर क्षेत्र के कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली है. कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी पुलिस अनंत राम चौहान, सेवानिवृत्त कैप्टन ताजवार सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, रिटायर्ड कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह शशांक भट्ट आदि प्रमुख लोग शामिल रहे।

वहीं, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। राज्य में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार आज चरम पर हैं। महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पहाड़ों से हो रहे पलायन जैसे गंभीर विषयों पर सरकार के पास कोई ठोस कार्य योजना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इन नए और कद्दावर साथियों के आने से कांग्रेस का जनाधार और मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!