देहरादून में आज युवाओं की अग्निपरीक्षा राहुल गांधी या जैस्मीन सैंडलस।

देहरादून में आज युवाओं की अग्निपरीक्षा राहुल गांधी या जैस्मीन सैंडलस।

देहरादून:-17 जुलाई 2026

देहरादून में शुक्रवार शाम एक ही समय पर दो बड़े आयोजन होने से युवाओं के सामने दिलचस्प स्थिति बन गई है। एक ओर राहुल गांधी छात्रों से शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं के मुद्दों पर संवाद करेंगे, वहीं दूसरी ओर परेड ग्राउंड में पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस का लाइव शो होगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजधानी का युवा मुद्दों की राजनीति चुनेगा या मनोरंजन का मंच।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे. उनका यह कार्यक्रम शाम पांच बजे से शुरू होगा. ठीक इसी समय राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर ‘धुरंधर’ सिंगर जैस्मीन सैंडलस युवाओं को लुभाने के लिए परफॉर्म करेंगी। जैस्मीन सैंडलस परेड ग्राउंड में आयोजित लोक संवर्धन पर्व के कार्यक्रम में रंग जमाएंगी।

उत्तराखंड का राजधानी देहरादून आज पॉलिटिक्स और मनोरंजन का केंद्र बनने वाली है. जिसका कारण आज यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हैं। एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों की गूंज कार्यक्रम के जरिए शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं की समस्याओं को लेकर संवाद करने वाले हैं तो दूसरी ओर लगभग उसी समय परेड ग्राउंड में केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय के द्वारा आयोजित लोक संवर्धन पर्व में मशहूर पंजाबी पॉप स्टार जैस्मीन सैंडलस का लाइव शो रखा गया है।

दोनों कार्यक्रमों का समय लगभग एक जैसा होने से राजनीतिक गलियारों में इसे महज संयोग नहीं बल्कि युवाओं की मौजूदगी को लेकर रणनीतिक मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है. लोग सवाल भी कर रहे हैं कि आखिरकार अचानक जैस्मीन सैंडलस का कार्यक्रम कैसे होने लगा? जबकि इस कार्यक्रम की न शहर में कोई चर्चा है और न ही इससे जुड़े कोई पोस्टर मौजूद हैं।

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस का बड़ा दावा: कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम किसी राजनीतिक रैली से अधिक युवाओं की समस्याओं को सुनने और उन्हें मंच देने का प्रयास है। पार्टी का दावा है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और छात्रों में बढ़ते मानसिक दबाव जैसे मुद्दे इस कार्यक्रम के केंद्र में रहेंगे। कांग्रेस ने कार्यक्रम को युवाओं की आवाज़ और उनके भविष्य से जुड़ा अभियान बताया है. कार्यक्रम में चर्चित रैपर डकैत और कर्मा की प्रस्तुति भी रखी गई है. जिससे युवाओं से सीधे संवाद का माहौल बनाया जा सके।

कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के समय बड़े सांस्कृतिक आयोजन का फैसला संयोग नहीं बल्कि सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार युवाओं का ध्यान राहुल गांधी के कार्यक्रम से हटाने की कोशिश कर रही है। गरिमा ने दावा किया कि इससे पहले भी कांग्रेस के कई बड़े कार्यक्रमों में प्रशासनिक स्तर पर बाधाएं खड़ी करने की कोशिश की गई. हर बार जनता की भागीदारी ने उन प्रयासों को विफल कर दिया। उन्होंने कहा इस बार भी राहुल गांधी के कार्यक्रम में अपेक्षा से अधिक भीड़ पहुंचेगी. यह आयोजन उत्तराखंड के युवाओं की आवाज़ बनने वाला है।

शुक्रवार को उत्तराखंड की राजनीति का पूरा फोकस युवाओं पर ही दिखाई दे रहा है। दिन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूथ फाउंडेशन के युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसमें उन्होंने छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद किया. इसके कुछ घंटों बाद राहुल गांधी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में एक ही दिन सत्ता और विपक्ष दोनों का युवाओं के बीच सक्रिय होना यह संकेत देता है कि आने वाले समय में उत्तराखंड की राजनीति में युवा सबसे बड़ा राजनीतिक केंद्र बनने जा रहे हैं।

राजनीतिक जानकार आदेश त्यागी कहते है देहरादून में एक ही समय पर दो बड़े आयोजनों का होना केवल कार्यक्रमों का टकराव नहीं बल्कि दो अलग-अलग राजनीतिक रणनीतियों का प्रदर्शन भी है। एक तरफ मंच पर रोजगार, शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य पर चर्चा होगी, वहीं दूसरी ओर जैस्मीन सैंडलस का लाइव शो हजारों युवाओं को आकर्षित करने की क्षमता रखता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि शुक्रवार शाम राजधानी के युवा किस मंच की ओर रुख करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!