हल्द्वानी की सड़क फिर हुई खून से लाल,बेकाबू कैंटर ने छीनी रिटायर्ड फौजी की जिंदगी।

हल्द्वानी की सड़क फिर हुई खून से लाल,बेकाबू कैंटर ने छीनी रिटायर्ड फौजी की जिंदगी।

हल्द्वानी:-17 जुलाई 2026

शहर में लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। शुक्रवार को हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार एक रिटायर्ड फौजी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया,जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 47 वर्षीय शमशेर सिंह, निवासी गंगापुर कबड़वाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शमशेर सिंह हल्द्वानी से मोटाहल्दू स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर गन्ना सेंटर के पास रुद्रपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि शमशेर सिंह सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

राहगीरों की सूचना पर टीपी नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल आरोपी चालक फरार है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश में जुटी है।

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि आखिर बेलगाम रफ्तार पर लगाम कब लगेगी ?

सड़क पर एक और परिवार ने अपना सहारा खो दिया, जबकि शहर में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आपको बताते चलें हल्द्वानी शहर में हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं इससे पहले बीते चंद दिनों के अंदर बरेली रोड पर हुई दुर्घटनाओं में आठ लोग अब तक अपनी जान गवां चुके हैं। हाईवे पर बेतरतीब कट और बेलगाम ओवरस्पीड पर आखिर कब लगाम लगेगी , विभागों के अफसरान को अब गंभीर होना ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!