आगामी 2 अगस्त से कांग्रेस करेगी ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दूसरे चरण की शुरुआत,पहले देहरादून और हरिद्वार में होगा सम्मेलन।

आगामी 2 अगस्त से कांग्रेस करेगी ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दूसरे चरण की शुरुआत,पहले देहरादून और हरिद्वार में होगा सम्मेलन।

देहरादून:-27 जुलाई 2026

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दूसरे चरण की शुरुआत जल्द करने जा रही है। कांग्रेस पार्टी की ओर से सम्मेलन को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। सम्मेलन 2 अगस्त से हरिद्वार और देहरादून में होने जा रहे हैं। हालांकि,रुद्रप्रयाग एवं टिहरी जिले में बारिश के मौसम को देखते हुए कांग्रेस सम्मेलन और यात्रा की तिथियां बाद में घोषित करेगी। इसके अलावा एक और जिले उधम सिंह नगर में कार्यक्रम की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह ने बताया कि इससे पहले पार्टी की जितनी भी परिवर्तन संकल्प यात्राएं हुई थी, उसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और विधायक विक्रम सिंह ने पहाड़ों की विधानसभा सीटों पर परिवर्तन सम्मेलन आयोजित किए। इन सम्मेलनों से कांग्रेस को बहुत अच्छा रिस्पांस मिला. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम जनमानस ने भी इन सम्मेलनों में अपनी भागीदारी की। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी के दूसरे चरण की परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरुआत 2 अगस्त से होने जा रही है। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है. देहरादून और हरिद्वार में होने जा रहे परिवर्तन सम्मेलनों में किन नेताओं को बुलाया जाएगा? देहरादून और हरिद्वार जिले में कौन-कौन से नेता अपनी भागीदारी करेंगे? इसका पूरा खाका पार्टी की ओर से तैयार किया जा रहा है। राजेंद्र शाह का कहना है कि बहुत जल्दी दूसरे चरण के संकल्प परिवर्तन सम्मेलन का कार्यक्रम पार्टी की ओर से जारी कर दिया जाएगा।

गौर हो कि कांग्रेस ने 28 जून को परिवर्तन संकल्प अभियान का पहला चरण शुरू किया। जिसकी शुरुआत चंपावत से की गई थी. जिसके तहत पहले चरण में पहाड़ की 10 सीटों और जिलों पर विशेष फोकस किया गया। साथ ही अभियान को चार अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा गया। इसी परिवर्तन संकल्प अभियान के दौरान पिथौरागढ़ में कांग्रेस में गुटबाजी भी देखने को मिली थी। जिसके चलते कांग्रेस की किरकिरी हुई थी। हालांकि, कांग्रेस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 3 नेताओं को कारण बताओ नोटिस दिया, फिर बाद में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!