बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला- प्रमोद नौटियाल ने कबूला जुर्म,घर से नकदी, सोने-चांदी का सामान बरामद।
चमोली:-01 अगस्त 2026
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के बहुचर्चित मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल से हुई लंबी पूछताछ में उसने कथित तौर पर चोरी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। पुलिस का कहना है कि पहले आरोपी लगातार खुद को बेगुनाह बताता रहा, लेकिन जब उसके सामने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य रखे गए तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल के अनुसार, प्रमोद नौटियाल से कई चरणों में गहन पूछताछ की गई। शुरुआत में वह आरोपों से इनकार करता रहा, लेकिन जांच टीम ने जब उसे सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य दिखाए, तो उसने माना कि वह चोरी की घटना में शामिल था। पूछताछ के दौरान उसने यह भी स्वीकार किया कि उससे गंभीर गलती हुई है।
एसआईटी की जांच के दौरान आरोपी के सरकारी आवास से कई महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की गईं। इनमें नकदी, सोने के आभूषण, शालिग्राम, चांदी की मूर्ति, चांदी का नाग, नेपाली मुद्रा सहित अन्य सामान शामिल हैं। इससे पहले पुलिस चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट भी बरामद कर चुकी है। इन बरामदगियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही पूछताछ को आगे बढ़ाया गया। हालांकि आरोपी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है, लेकिन जांच अभी पूरी नहीं हुई है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रमोद नौटियाल ने यह वारदात अकेले अंजाम दी या इसके पीछे कोई और भी शामिल था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किसके कहने पर यह सब करता था। एसआईटी अब इस पूरे नेटवर्क और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
चार दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद प्रमोद नौटियाल को फिर से पुरसाड़ी जेल न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि यदि आगे की जांच के लिए जरूरत महसूस हुई तो आरोपी की दोबारा पुलिस रिमांड लेने के लिए अदालत से अनुमति मांगी जाएगी।
एसआईटी ने स्पष्ट किया है कि बदरीनाथ धाम से जुड़े इस संवेदनशील मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
