हल्द्वानी की रेणु ने अपने बेहद लंबे बालों की वजह से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम किया दर्ज।

हल्द्वानी की रेणु ने अपने बेहद लंबे बालों की वजह से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम किया दर्ज।

हल्द्वानी:-08 अगस्त 2026

हल्द्वानी शहर की बेटी रेणु धरियाल ने अपने बालों की वजह से पूरी दुनिया में हल्द्वानी और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। रेणु ने अपने बेहद लंबे बालों की वजह से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनके काले और घने बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 10 इंच दर्ज की गई है।

इस उपलब्धि के साथ रेणु के नाम किसी जीवित महिला के सबसे लंबे बालों का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। उनके बालों की लंबाई अब तक के सबसे लंबे व्यक्ति रॉबर्ट वाडलो की ऊंचाई के भी करीब है। रॉबर्ट वाडलो की लंबाई 272 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 11.1 इंच थी।

रेणु के रिकॉर्ड की पुष्टि अप्रैल में हुई, जब गीनिज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम उत्तराखंड के हल्द्वानी पहुंची। जांच और माप के बाद उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर दर्ज की गई। रेणु ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। आलिया नासिरोवा के बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 5.3 इंच दर्ज की गई थी।

रेणु अपने लंबे और स्वस्थ बालों का राज किसी से नहीं छिपाती हैं। वह एक कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं। उन्हें दूसरी महिलाओं के साथ अपने ब्यूटी टिप्स साझा करना पसंद है।अपने बालों को इतना लंबा करने के बारे में रेणु ने बताया कि वह वर्ष 2015 से लगातार अपने बाल बढ़ा रही हैं। वह अपने बालों को जमीन से दूर रखने के लिए खास चोटी बनाती हैं।वह इन बालों को मेंटेन करने के लिए इन्हें धोने और सुलझाने में घंटों समय बिताती हैं। वह केमिकल प्रोडक्ट्स से अपने बालों को दूर रखती हैं। उनके मुताबिक, भारतीय संस्कृति में लंबे बालों को सुंदरता और परंपरा का प्रतीक माना जाता है। इसी सोच ने उन्हें अपने बालों को इतने लंबे समय तक बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

रेणु ने कहा, “मैं 2015 से लगातार अपने बाल बढ़ा रही हूं। भारतीय संस्कृति में लंबे बालों को बहुत ज्यादा सुंदरता और परंपरा का प्रतीक माना जाता है। इसी बात ने मुझे इतने लंबे बाल बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।” अपनी इस उपलब्धि के जरिए रेणु ने न केवल उत्तराखंड का नाम दुनिया में रोशन किया है, बल्कि लंबे बालों के प्रति अपनी लगन और देखभाल को भी एक नई पहचान दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!