कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में जनसभा को किया संबोधित,शिक्षा,रोजगार और अंकिता भंडारी हत्याकांड का उठाया मामला।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में जनसभा को किया संबोधित,शिक्षा,रोजगार और अंकिता भंडारी हत्याकांड का उठाया मामला।

हल्द्वानी:-08 अगस्त 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने हल्द्वानी से अपने चुनावी अभियान का बड़ा आगाज कर दिया है।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का आह्वान किया।

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की जनसभा शक्ति प्रदर्शन के रूप में दिखाई दी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे ही सभा स्थल पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया जनसभा में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों,विधायकों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही अपने संबोधन में मल्लिकार्जुन खड़गे ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है और आगामी चुनावों में जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है।

खड़गे ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया वहीं प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने भी राज्य सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरते हुए कांग्रेस को मजबूत विकल्प बताया। जनसभा के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है।

अपने संबोधन में खड़गे ने देवभूमि, वीरों की भूमि को नमन किया. इसके बाद कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट के पराक्रम की किस्से सुनाए। उन्होंने कहा, यहां की कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट बहुत मशहूर है और पूरे देश में इसका नाम है। देश का पहला परमवीर चक्र (शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा, कुमाऊं रेजिमेंट) भी यहीं मिला है, इसलिए आप गर्व के साथ कह सकते हैं कि हम देश की हिफाजत करने वाले लोग हैं,देश के लिए लड़ने वाले लोग हैं, देश की रक्षा करने वाले लोग हैं, देश को आजादी दिलाने वाले लोग हैं। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा और आरएसएस ने देश के लिए कुछ नहीं किया, आजादी के लिए कुछ नहीं किया। क्या कोई आरएसएस या भाजपा का व्यक्ति देश की आजादी के लिए जेल गया है? और अगर कोई गया भी होगा, तो कांग्रेस में रहकर भाजपा में चला गया होगा, लेकिन असल भाजपा के किसी व्यक्ति ने इस मूवमेंट में हिस्सा नहीं लिया। लेकिन भाजपा, आरएसएस हमेशा देशभक्ति की बात कहती है। लेकिन ये सब भगोड़े हैं. भाजपा, आरएसएस ने ब्रिटिशों को शरण दी, उनके चरणों पर बैठे।

खड़गे ने कहा कि, देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने ही लड़ाई लड़ी और कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश के लिए कुर्बानियां दीं। इसलिए कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है. उत्तराखंड के लोग डरने वाले नहीं हैं, वो झुकते हैं तो सिर्फ देश के लिए. उन्होंने बेरोजगारी पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि,आज देश के युवा बेरोजगार है। जबकि 30 लाख वैकेंसी खाली पड़ी हैं।प्रधानमंत्री ने दो करोड़ नौकरियां देने की घोषणा की थी। इस बारे में पूछना चाहिए. लोगों से झूठ बोलकर फंसाना बीजेपी की आदत है. कांग्रेस जो बोलती है, वो करती है।उन्होंने आगे कहा, मनमोहन सरकार ने किसानों की कर्जमाफी के लिए बोला था, वो वादा पूरा किया। लेकिन भाजपा जनता का काम करना ही नहीं चाहती है. भाजपा के पास कोई विजन ही नहीं है। विजन कांग्रेस के पास है, कांग्रेस सत्ता में आई तो जनता की जो मंशा है, वो पूरी की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर भी तीखा हमला बोला।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर विपक्ष के नेताओं को भाजपा में शामिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, जिन नेताओं पर पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते हैं, उनके भाजपा में शामिल होते ही उन्हें क्लीन चिट मिल जाती है।खड़गे ने इसे वॉशिंग मशीन की राजनीति बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा. खड़गे ने उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार का भरोसा भी दिलाया।कांग्रेस की सरकार बनने के बाद युवाओं को बिना भ्रष्टाचार और बिना किसी सिफारिश के नौकरी देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों की सच्चाई बताने का आह्वान किया।

हल्द्वानी पहुंचे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने मंच से राज्य सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, यहां युवाओं को पैसे के बल पर नौकरी दी जाती है. इस सरकार में पैसा बोल रहा है. उत्तराखंड में कांग्रेस की सत्ता आने के बाद मेरिट लिस्ट के आधार पर नौकरी दी जाएगी।खड़गे ने शिक्षा और रोजगार पर कहा कि, आज भारत का पूरा एजुकेशन और एम्पलाइमेंट सिस्टम तबाह हो चुका है। डिग्री तो मिल रही है, लेकिन हाथ में हुनर नहीं है. नई शिक्षा नीति 2020 ने 2025 तक 50 फीसदी छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा, जिसका 2 फीसदी ही जमीन पर उतर सका है. सारी योजना हवा हवाई है।दूसरी तरफ, सरकार की आर्थिक नीतियों ने रोजगार पैदा करने वाले निवेश के बजाय कुछ चुनिंदा बड़े उद्योग समूहों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है। भारत हर साल 50 लाख स्नातकों को तैयार करता है, लेकिन स्नातकों स्तर की केवल 28 लाख नौकरियां पैदा होती हैं. यानी हर साल 22 लाख युवाओं के सपने शुरू होने से पहले ही टूट जाते हैं।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं से लेकर कई अन्य भर्तियों तक, पेपर लीक उद्योग बन गया है. नौकरियां बिकती हैं. भर्ती माफिया फल-फूल रहा है. नौकरी उनको मिलती है, जिनके पास पैसा और BJP में कनेक्शन है। हमने पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे नौजवानों का साथ दिया। पिछले कई दिनों से संसद के भीतर भी हम उनके साथ हुई बर्बरता के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि, अमित शाह के आदेश पर बच्चों पर पैलेट गन चलाई गई। वाटर कैनन चलाए गए, टीयर गैस छोड़ी गई, बिजली का करंट छोड़कर बैरिकेड्स लगाए गए। कील लगी लाठियों से लाठी चार्ज किया गया और कुछ जगहों पर करंट वाली लाठियों तक का इस्तेमाल किया गया।खड़गे ने कहा कि, संसद में लगातार इस बारे में 15 दिन से हम लोग सवाल पूछ रहे हैं. लेकिन न प्रधानमंत्री जवाब दे रहे हैं, न गृह मंत्री। सरकार संसद में जवाब देने से बच रही है. क्योंकि चोर की दाढ़ी में तिनका है. क्या यही लोकतंत्र है? क्या जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी नहीं है?

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अंकिता हत्याकांड पर बोलते हुए कहा कि,अब तक उसे न्याय नहीं मिला है. सरकार मामले का खुलासा करना ही नहीं चाहती। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, क्योंकि इसमें खुद उनके लोग ही शामिल हैं. इसलिए मामले को दबा दिया है. ऐसे लोगों को सत्ता में नहीं रहना चाहिए, बल्कि उखाड़ फेंकना चाहिए। उन्होंने कहा, कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है. ये सब ठीक होने के लिए कांग्रेस की सरकार आनी चाहिए। खड़गे ने आरोप लगाया कि, भाजपा- आरएसएस के लोग धर्म के नाम पर बरगला रहे हैं. धर्म के नाम पर ये लोग लूट रहे हैं। उत्तराखंड में भी केदारनाथ-बदरीनाथ का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि,मंदिरों से ‘चढ़ावा चोरी’ करने वाले BJP-RSS के लोग दूसरों को भगवान का विरोधी कहते हैं. जब मैं इसपर संसद में बात करने के लिए खड़ा होता हूं, तो भाजपा के सांसद शोर करने लगते हैं. वे ऐसा इसलिए करते हैं, क्योंकि उन्हें मालूम है कि उन्होंने जो चोरी की है, उसकी बात सबके सामने आ जाएगी। हल्द्वानी की शंखनाद रैली के जरिए कांग्रेस ने जहां बीजेपी पर सीधा हमला बोला,वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!