हल्द्वानी में सीएम धामी ने 9.93 करोड़ की लागत से बने शेर नाला पुल का किया लोकार्पण।

हल्द्वानी में सीएम धामी ने 9.93 करोड़ की लागत से बने शेर नाला पुल का किया लोकार्पण।

हल्द्वानी:-16 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण पर चोरगलिया पहुंचे। राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चोरगलिया पहुंचने पर हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विभिन्न दायित्वधारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993.00 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।शेर नाला के उफान पर आने के कारण मानसून के दौरान क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नाला उफनने पर मार्ग बाधित हो जाता था, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों और पर्यटकों को भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल के निर्माण से अब बरसात के दौरान आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

120 मीटर लंबे डबल लेन पुल के शुरू होने से चोरगलिया क्षेत्र के ग्रामीणों, स्थानीय लोगों और हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने पुल के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!