सड़कों पर उतरी कांग्रेस,E-20 पेट्रोल और महंगी चीनी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन।
देहरादून:-22 अगस्त 2026
देश में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों और इथेनॉल पेट्रोल को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज शनिवार को देहरादून की सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। चीनी की बढ़ती कीमतों और E-20 पेट्रोल को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ईस्ट कैनाल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर “वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया चीनी पी गया तेल” के नारे लगाए।
एथेनॉल नीति और महंगी चीनी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल
एआईसीसी सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूर्यकांत धस्माना ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र की एथेनॉल नीति के चलते पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा बढ़ाई जा रही है, जिससे पेट्रोल वाहनों के इंजन खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कांग्रेस ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना।
धस्माना का कहना है कि गन्ने से एथेनॉल बनाए जाने के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ है और पिछले कुछ समय में चीनी के दाम तेजी से बढ़े हैं। सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि एथेनॉल नीति का असर पेट्रोल उपभोक्ताओं के साथ-साथ आम परिवार की रसोई पर भी पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है।
कांग्रेस ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि,अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल की कीमतों और उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम नहीं किया गया। पार्टी ने केंद्र सरकार पर जनता की मेहनत की कमाई पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया. कांग्रेस ने ऐलान किया कि यह प्रदर्शन केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी की ओर से चीनी की बढ़ती कीमतों और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर पूरे उत्तराखंड में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। कांग्रेस ने ऐलान किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जल्द ही मिलावटी पेट्रोल और महंगी चीनी के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि जनपद से लेकर ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर तक प्रदर्शन और धरने आयोजित किए जाएंगे।
